कोतवाली के चरैया में बर्थडे पार्टी में शामिल होने निकले धर्मेंद्र सिंह की रविवार की आधी रात संदिग्धदशा में मौत हो गई। घटना की शिकायत पर पुलिस ने गांव के ही तीन नामजद और एक अज्ञात के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया। जन्मदिन पार्टी में ले जाने वाले पड़ोसी घर से फरार हैं।
पट्टी कोतवाली के चरैया निवासी 40 वर्षीय धर्मेंद्र सिंह की पत्नी दिव्या सिंह ने मुकदमा दर्ज कराया है। बताया कि रविवार शाम करीब 6 बजे पड़ोसी गौरव सिंह उर्फ प्रिंस, अंबुज सिंह, अनुज उर्फ नाटे और एक अज्ञात युवक उसके घर आए। बातचीत के दौरान सभी धर्मेंद्र को प्रिंस की जन्मदिन पार्टी में साथ ले गए। रात 11 बजे तक धर्मेंद्र नहीं लौटे तो उसने फोन किया। प्रिंस ने फोन उठाया और कहा- भाभी, भैया अभी खाना खा रहे हैं, सब साथ में ही लौटेंगे। इसके बाद दिव्या सो गई। रात करीब ढाई बजे वही चारों घर पहुंचे।
बताया कि धर्मेंद्र का महेंद्र सिंह के घर के पीछे एक्सीडेंट हो गया है। परिवार के लोग भागकर मौके पर पहुंचे। देखा तो धर्मेंद्र संदिग्धदशा में पड़े मिले। तभी चारों युवक वहां से भाग निकले। परिजनों की सूचना पर एंबुलेंस पहुंची। धर्मेंद्र को उपचार के लिए पट्टी सीएचसी पहुंचाया गया। जहां जांच के बाद चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पत्नी दिव्या सिंह का कहना है कि यह हादसा नहीं, बल्कि चारों युवकों द्वारा मिलकर रची गई साजिशन हत्या है।
तीनों के साथ आए युवक को वह पहचान नहीं सकी। सोमवार सुबह घटना की सूचना मिलते ही सीओ पट्टी, कोतवाल अभिषेक सिरोही फॉरेंसिक टीम लेकर पहुंचे।