महिला की आवाज पर पहुंचे ग्रामीणों ने शव मिलने की सूचना सांगीपुर पुलिस को दी। जानकारी होने पर एसओ सांगीपुर मनीष त्रिपाठी व थोडी देर में लालगंज सीओ आशुतोष मिश्र भी पहुंच गए। पुलिस ने घटनास्थल से शराब की बोतल व खाद्य पदार्थ भी बरामद किया। शव के चेहरे पर मिट्टी जमी होने के कारण पहचान में दिक्कत हुई। मृतक के सिर गंभीर चोट के निशान थे। हालांकि जानकारी होने पर रोते-बिलखते पहुंचे परिजनों ने राज को पहचान लिया। शिनाख्त होने के बाद शव को पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेजा। वहीं, एसपी के साथ पहुंची फोरेंसिक और स्वाट टीम घटना से जुड़े साक्ष्य जुटाने में लगी रही।
मृतक के भाई विपिन वर्मा की तहरीर पर पुलिस ने शिवम गिरि व उसके मामा के बेटे अमेठी के संग्रामपुर निवासी अवधेश गिरि व कुछ अज्ञात के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया है। पोस्टमार्टम के बाद शव घर पहुंचने पर चीख पुकार मच गई। मां अमरावती के आंसू थमने का नाम नहीं ले रहा था। सीओ आशुतोष मिश्रा ने बताया कि तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी गई है। घटना से जुड़े कई पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है। आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
आशनाई मामले से जोड़कर पुलिस कर रही जांच पड़ताल
चर्चा है कि मृतक राज का एक युवती से प्रेम चल रहा था। कुछ दिन पहले युवती के परिजनों से उसकी फेसबुक पर बातचीत में लड़ाई भी हुई थी। हालांकि पुलिस भी अभी घटना को लेकर कुछ बोलने को तैयार नहीं है, लेकिन आशनाई को ही जांच का विषय बनाते हुए कार्रवाई की जा रही है। युवक की मौत से ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त है। ग्रामीणों के नाराजगी को देखते हुए पुलिस ने एहतियात बरतना शुरू कर दिया है। वहीं, पोस्टमार्टम रिपोर्ट के अनुसार गला दबाकर व सिर पर गंभीर चोट से मौत हुई है।