सड़क पर बैठे मवेशी से टकराकर बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस उसे ट्राॅमा सेंटर में भर्ती कराया। जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। इधर, घटना की जानकारी होते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई।
अंतू थाना क्षेत्र के आशापुर भाटन गांव निवासी 28 वर्षीय सोनेलाल वर्मा सोमवार शाम सात बजे बाइक से रामपुर बावली गांव में अपने ससुराल जा रहे थे। रास्ते में वह नगर के पंडित नागेश दत्त पब्लिक स्कूल के पास पहुंचे थे। यहां सड़क पर बैठे मवेशी से उनकी बाइक अचानक टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की जानकारी होने पर मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने युवक को तत्काल उपचार के लिए ट्राॅमा सेंटर लालगंज पहुंचाया। यहां परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। प्रभारी निरीक्षक आलोक कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। तहरीर मिलने पर विधिक कार्रवाई की जाएगी।