महेशगंज थाना क्षेत्र के एक गांव में बृहस्पतिवार की दोपहर करीब एक बजे नजदीकी दोस्त के शादी से इन्कार करने पर युवती ने फंदा लगाकर जान दे दी। बताया गया कि युवती ने पांच दिन पहले ही दुष्कर्म का आरोप लगाकर पुलिस को तहरीर दी थी।
परिजनों के अनुसार बेटी का गांव के एक युवक से नजदीकी संबंध था। युवक ने शादी का झांसा देकर दुष्कर्म किया। बेटी के शादी करने की बात पर वह आनाकानी करने लगा। इसी मामले में बेटी ने पांच दिन पहले संग्रामगढ़ पुलिस को तहरीर दी थी।
वहीं, बृहस्पतिवार की दोपहर करीब एक बजे युवती कमरे में सोने चली गई। इसके बाद कमरे की छत पर लगे पंखे पर दुपट्टे से फंदा लगाकर जान दे दी। काफी देर तक युवती के कमरे से बाहर न आने पर परिजन अंदर गए तो वह फंदे से लटकी थी।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने परिजनों से पूछताछ के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना प्रभारी संदीप त्रिपाठी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद कार्रवाई की जाएगी। मामले की जांच की जा रही है।