रेलवे स्टेशन पर बनकर तैयार चार व पांच नंबर प्लेटफार्म। संवाद
- फोटो : PRATAPGARH
बेल्हा में यार्ड-री मॉडलिंग का कार्य पूरा हो गया है। मॉडल जंक्शन पर चार और पांच नंबर प्लेटफार्म बनकर तैयार हो गए हैं। इससे यात्रियों को काफी सहूलियत मिलेगी। इससे अब ट्रेनों को आउटर पर नहीं रोकना पड़ेगा। रेल परिचालन सुगम होने की उम्मीद है।
मॉडल रेलवे जंक्शन पर चार और पांच नंबर प्लेटफार्म के साथ नौ लाइनें हो गई हैं। प्लेटफार्म और यार्ड की रीमॉडलिंग का कार्य शुरू होने के बाद ट्रेनों को निरस्त कर दिया गया था। अब नए ट्रैक भी बिछाए जा चुके हैं।
इसके पूर्व जंक्शन पर पांच छोटी लाइनें , तीन छोटी लाइनों के प्लेटफार्म, एक फुट ओवरब्रिज, एक छोटी वाशिंग लाइन तथा दो डायमंड क्रॅासिंग थीं। जिसके कारण स्टेशन से होकर आने-जाने वाली गाड़ियों के समयबद्ध परिचालन में बाधा आती थी।
अब यार्ड रीमॉडलिंग से रेल परिचालन सुगम हो सकेगा। अब प्रतापगढ़ रेलवे स्टेशन पर नौ पूर्ण क्षमता की लंबी रेल लाइनें (अप एंड डाउन मेन लाइन सहित), पूर्ण क्षमता की लंबी रेल लाइनों वाले पांच प्लेटफार्म, पूर्ण क्षमता वाली लंबी वाशिंग लाइन, तीन लाइनें कोच रखने के लिए, सभी प्लेटफार्मों को जोड़ते हुए एक नया फुटओवर ब्रिज तैयार कर लिया गया है।
डायमंड क्रॅासिंगों को हटाते हुए गाड़ियों की गति सीमा का प्रतिबंध समाप्त कर दिया गया है। गाड़ियां निर्धारित गति सीमा के साथ ही आवागमन कर सकेंगी। डीआरएम एसके सापरा ने बताया कि अंतू से जंघई (कुल 73.81 किलोमीटर ) पर ट्रैक दोहरीकरण का कार्य चल रहा है।