प्रतापगढ़ से गुजरने वाली शटल, डेमू और थ्रीएफ पैसेंजर का संचालन दो साल से ठप है। इससे यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। फैजाबाद, लखनऊ जाने के लिए उन्हें रोडवेज बस या फिर निजी वाहनों का सहारा लेना पड़ रहा है। इससे उनकी जेबें ढीली हो रही हैं।
प्रतापगढ़ से लखनऊ जाने वाली डेमू और शटल पैसेंजर के साथ प्रयागराज से फैजाबाद के बीच चलने वाली थ्री एफ पैसेंजर को कोरोना काल में बंद कर दिया गया था। इसके बाद इन ट्रेनों का संचालन दोबारा शुरू नहीं किया। इसका खामियाजा जिले के लोगों को भुगतना पड़ रहा है।
लोगों को लखनऊ का सफर तय करने के लिए अधिक किराया चुकाना करना पड़ रहा है। रोडवेज बस या फिर निजी वाहनों का सहारा लेना पड़ रहा है। इससे जेबें ढीली करनी पड़ रही हैं। यही हाल फैजाबाद जाने वाले यात्रियों का भी है। यहां जाने के लिए समय पर न तो रोडवेज बस है और न ही ट्रेन।
जिले के लोगों की इस समस्या की ओर जनप्रतिनिधियों के साथ रेलवे के अफसरों का ध्यान नहीं पड़ रहा है।
प्रतापगढ़ के साथ अमेठी और रायबरेली के लोगों को भी मिलता था लाभ
शटल और डेमू ट्रेन का लाभ प्रतापगढ़ के साथ अमेठी, रायबरेली व लखनऊ के लोग भी उठाते थे। लखनऊ में नौकरी करने वाले हों या फिर इलाज कराने के लिए जाने वाले लोगों को इन ट्रेनों के संचालन से काफी सहूलियत मिलती थी।
जगेशरगंज से प्रतापगढ़ के बीच ट्रैक दोहरीकरण और रिमॉडलिंग का कार्य चल रहा है। ट्रैक निर्माण कार्य पूरा होने के बाद यदि मेरे पास डेमू और शटल पैसेंजर ट्रेन के लिए मांग पत्र आता है तो संचालन के लिए पूरा प्रयास किया जाएगा। एसके सापरा, डीआरएम, उत्तर रेलवे