रास्ते की पैमाइश कराने के लिए राजस्व व पुलिस विभाग के साथ पहुंचे प्रधान पर महिलाओं ने हमला बोल दिया। महिलाओं ने प्रधान के कपड़े तक फाड़ डाले। पुलिसकर्मी तमाशबीन बने रहे और राजस्वकर्मी वहां से भाग निकले।
मानधाता थाना क्षेत्र के उसरापुर पटेल बस्ती में रास्ते का विवाद था। जिसे सुलझाकर वहां खड़ंजा बिछवाया जाना था। रविवार को ग्राम प्रधान इंद्र कुमार मिश्र, लेखपाल व कानूनगो के साथ ही दो सिपाही भी मौके पर पहुंचे थे। रास्ता निर्माण के लिए पैमाइश के दौरान निशान लगाते समय विवाद हो गया। आरोप है कि गांव के सरजू प्रसाद के घरवाले पैमाइश नहीं कराना चाहते थे।
अचानक सरजू के परिवार के सुरेंद्र की पत्नी व बेटे ने प्रधान इंद्रकुमार मिश्र उर्फ पियरी पर हमला बोल दिया। कालर पकडक़र मारपीट करने लगे। जिससे उनका कपड़ा फट गया। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मी दूर से ही लोगों को शांत कराते रहे। राजस्वकर्मी वहां से निकल लिए। देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच लाठी-डंडे निकल आए। बवाल बढ़ते देख पुलिस ने लोगों को किसी तरह समझाकर शांत कराया।
खबर लिखे जाने तक प्रधान की ओर से पुलिस को कोई तहरीर नहीं दी गई थी। एसओ मानधाता ने बताया कि गांव के मोतीलाल पटेल के घर आने-जाने का कोई रास्ता नहीं है। सरजू ने नौ विस्वा जमीन खरीद रखी है, जिसका कोई सीमांकन नहीं है। वह मोतीलाल को निकलने के लिए रास्ता नहीं दे रहे थे। इसका काफी दिनों से विवाद चला आ रहा है। मामले को सुलझाने के लिए ही टीम गई थी।