पति के साथ मायके जा रही शारदा देवी को तेज रफ्तार कार चालक ने जोरदार टक्कर मार दी इससे उसकी मौत हो गई।
आसपुर देवसरा के मुनीपुर गांव के रहने वाले रामकृपाल वर्मा की ससुराल पट्टी के कंजा सराय गुलामी गांव निवासी जगदीश प्रसाद पटेल के यहां है। जगदीश का छोटा भाई राम सिंह पटेल पुलिस विभाग में तैनात है। छुट्टी पर वह इस समय घर आया है।
उसने बुआ शारदा देवी व फूफा रामकृपाल को घर बुलाया था। दोनों उससे मिलने जा रहे थे। गांव के पास जैसे ही शारदा देवी टेंपो से उतरकर सड़क पार करने लगीं तभी पीछे से आ रही एक तेज रफ्तार कार ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही वह सड़क पर गिरने से गंभीर रूप से घायल हो गई। घायल शारदा देवी को इलाज के लिए सीएचसी पट्टी ले जाया गया। जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। उनकी मौत पर मायके और ससुराल वाले रोने-बिलखने लगे। संवाद