लालगंज के घुइसरनाथ बाजार में सब्जी लेने आई महिला को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दिया। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद परिजनों में चीख पुकार मच गई।
क्षेत्र के देऊम पश्चिम निवासी लल्लन कनौजिया की पत्नी निर्मला कनौजिया (55) शाम करीब पांच बजे घर से पैदल घुइसरनाथ बाजार सब्जी लेने जा रही थी। सांगीपुर-लालगंज मुख्य मार्ग स्थित पुल के समीप अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दिया। घायल महिला को देख राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी। ग्रामीणों की मदद से घायल महिला को सीएचसी सांगीपुर ले जाया गया। हालांकि सीएचसी पहुंचने से पहले ही महिला ने दम तोड़ दिया था। मृतका का पति और बेटे बृजेश और ,धर्मेंद्र मुंबई में रहकर नौकरी करते हैं। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।