राखी बांधने पति के साथ मायके जा रही महिला भुपियामऊ स्टेशन के पास मनवर संगम एक्सप्रेस की चपेट में आ गई। हादसे में दोनों की मौत हो गई। परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
लीलापुर थाना क्षेत्र के रानीगंज अजगरा निवासी इंद्रावती देवी (40) शुक्रवार को पति रामकृष्ण यादव (45) के साथ शाम करीब साढ़े छह बजे बाइक से धारूपुर मायके में भाई को राखी बांधने जा रही थीं। तीन किमी का अतिरिक्त चक्कर न लगाना पड़े, इसके लिए दंपती बाइक से भुपियामऊ स्टेशन के पास पहुंचा और ट्रैक पार करने लगा। इसी दौरान मां बेल्हा देवी धाम जंक्शन की ओर से मनवर संगम एक्सप्रेस ट्रेन आ गई।
लोको पायलट ने इमरजेंसी ब्रेक लगाई लेकिन दंपती बाइक समेत इंजन में फंस गए। पति व पत्नी की मौके पर ही मौत हो गई। बाइक के परखचे उड़ गए। हादसे के बाद ट्रेन करीब 15 मिनट तक भुपियामऊ रेलवे स्टेशन पर ही खड़ी रही। लोको पायलट ने कंट्रोल रूम के साथ स्टेशन अधीक्षक को हादसे की सूचना दी।
स्थानीय लोगों ने इंजन में फंसी बाइक निकाली, तब जाकर ट्रेन प्रयागराज के लिए रवाना हुई। हादसे की जानकारी पर इंद्रावती के भाई धारूपुर निवासी संजय यादव और दामाद शिव कुमार मौके पर पहुंचे। उन्होंने शव की पहचान की।
देहात कोतवाली एसओ पुष्पराज ने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। घटना के बाद जीआरपी एसओ पंकज कुमार और आरपीएफ इंस्पेक्टर भी मौके पर पहुंचे।
अंडरपास चालू करने की लंबे समय से हो रही है मांग
प्रतापगढ़। भुपियामऊ स्टेशन के पास ओवरब्रिज निर्माण शुरू होने के साथ ही रेलवे ने क्रॉसिंग को बंद कर दिया। स्थानीय लोगों ने जब विरोध किया तो तत्कालीन सांसद संगम लाल गुप्ता ने अंडरपास निर्माण के लिए पत्राचार किया। तीन साल बीत गए लेकिन अभी तक अंडरपास का निर्माण कार्य पूरा नहीं हो सका है।
...........
जान जोखिम में डाल पार करते हैं रेलवे ट्रैक
प्रतापगढ़। भुपियामऊ रेलवे स्टेशन के समीप क्रॉसिंग को बंदकर करीब दो साल से अंडरपास का निर्माण कराया जा रहा है। इसके कारण लोग जान जोखिम में डालकर रेलवे ट्रैक को पार करते हैं। जबकि भुपियामऊ से कटरा रोड पर जाने के लिए ओवरब्रिज बना हुआ है। दो किमी का चक्कर न लगाना पड़े इसके लिए लोग बंद रेलवे क्रॉसिंग का ट्रैक पार करते हैं। संवाद
रेलवे स्टेशन पर रहता है अंधेरा
प्रतापगढ़। भुपियामऊ रेलवे स्टेशन पर लाइट के इंतजाम नहीं हैं। शाम होते ही क्रॉसिंग व स्टेशन पर अंधेरा छा जाता है। स्टेशन पर कर्मचारी भी नजर नहीं आते। ऐसे में यहां से गुजरना खतरनाक हो जाता है। संवाद