जनपद में आगामी पंचायत चुनाव को देखते ही राज्य निर्वाचन आयोग के आदेश पर मतदाता सूची तैयार करने की कवायद तेज हो गई है। मतदाता सूची में आधार नंबर दर्ज होगा। दो स्थानों पर अब लोग वोट नहीं दे सकेंगे। अपर जिलाधिकारी पुनीत शुक्ला ने बताया कि पंचायत चुनाव के पहले मतदाता सूची तैयार करने के लिए जनपद में 2347 बीएलओ तैनात किए गए हैं। सभी बीएलओ फार्म लेकर घर-घर जाएंगे। दिए गए फार्म भराए जाएंगे। मतदाताओं के नाम के आगे आधार कार्ड नंबर दर्ज किया जाएगा।
इससे यह पता लगेगा कि वह व्यक्ति दूसरी जगह से भी वोटर तो नहीं है। ऐसे मतदाताओं को एक गांव से वोटर बनने के लिए मौका दिया जाएगा। लोगों के दो स्थान से वोटर बनने के कारण हर चुनाव में मतदान प्रतिशत में कमी आ रही है। बीएलओ के पास नाम कटाने और बढ़ाने के साथ नाम परिवर्तन करने वाला फार्म भी रहेगा। यदि किसी की फोटो गलत हो गई है तो वह उसको भी बदल सकता। अभी तक कुल 24 लाख वोटरों में से 13 लाख के आधार कार्ड बन चुके हैं। 12 अप्रैल को सभी बीएलओ मतदान केंद्र पर मौजूद रहेंगे। समय सीमा के भीतर मतदाता सूची के सत्यापन और पुनरीक्षण का कार्य पूरा होगा।