बर्फीली वादियों से दबे पांव बेल्हा पहुंची हवा का रुख कातिलाना हो चुका है। पश्चिमी हवा तेज होने से मौसम साफ जरूर रहा पर गलन बढ़ गई। सुबह के वक्त वातावरण में 9.2 प्रतिशत नमी रिकार्ड की गई। गुरुवार को ठंड लगने से एक बच्चे की मौत हो गई। महिला सिपाही समेत आधा दर्जन लोगों की हालत खराब है। उनका इलाज अब भी जिला अस्पताल में चल रहा है। हवा की गति को देखते हुए मौसमविद देशराज मीना ने गलन बढ़ने का अनुमान लगाया है। शुक्रवार को कुहरा पड़ने की भी संभावना जताई गई है।
मौसम का मिजाज दिनों दिन बिगड़ता ही जा रहा है। बुधवार को पछुआ हवा चल रही थी। शाम को बर्फीली पहाड़ियों से ढुरकी उत्तरी हवा भी आ पहुंची। मौसम वैज्ञानिक कहते हैं कि इससे मौसम तो साफ हो गया मगर गलन बढ़ गई। गुरुवार देर शाम तक उन हवाओं की यही गति बरकरार रही। साफ मौसम में भी हवा के कारण ठंडी ज्यादा रही। ऐसे हालात में न्यूनतम 5.8 और अधिकतम 21.5 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकार्ड किया गया। सुबह के वक्त मौसम में 9.2 प्रतिशत की नमी रही। दोपहर के समय हल्की धूप 50.7 प्रतिशत की नमी मौसम में दर्ज की गई। इस तरह ठंडी का रुख कातिलाना हो गया। नगर कोतवाली के सहोदरपुर निवासी राजेन्द्र के चार वर्षीय पुत्र सोनू को ठंड ने दबोच लिया। जिला अस्पताल से रेफर होने के बाद उसे परिजन इलाहाबाद ले जा रहे थे। बताते हैं कि रास्ते में उस मासूम की मौत हो गई। बुधवार को ही रात में महिला थाने की सिपाही बीना सिंह (45) पत्नी शिवकुमार, नगर कोतवाली के भैरोपुर निवासी बड़का (65) पत्नी मोहन, सदर बाजार निवासी मो. खलील (75) , कंधई थाना के मीरनपुर निवासी मो. इसरार (80), मानधाता थाना क्षेत्र के ललौली गांव निवासी श्रीनाथ पटेल (78) व जौनपुर जनपद के रामपुर निवासी पम्मी (17) पुत्री आजम को भी ठंग ने दबोच लिया। हालत बिगड़ी तो इलाज के लिए सभी को परिजन जिला अस्पताल लाए। स्थिति ज्यादा खराब देख डॉक्टरों ने सभी को भर्ती कर लिया। अस्पताल में गुरुवार की देर शाम तक ठंड की वजह से बीमार उन मरीजों का इलाज चलता रहा।
जिला अस्पताल के चिकित्सकों की मानें तो ठंडी लगने से नासाज (बीमार) लोगों की संख्या बढ़ गई है। कोल्ड डायरिया और बुखार, सीने में जकड़न, गला जाम और कान बहने व दर्द करने की शिकायत ज्यादा आ रही है। गुरुवार को इस तरह के 240 नए रोगियों का इलाज हुआ। 164 बच्चों का इलाज बाल रोग विशेष डॉ. अनिल गुप्ता ने किया।
ठंड को देखते हुए जिला प्रशासन के निर्देश पर नगर पालिका ने सार्वजनिक स्थलों पर अलाव का इंतजाम किया। अधिशासी अधिकारी आशुतोष द्विवेदी ने दावा किया है कि रोडवेज बस अड्डा, अम्बेडकर चौराहा, स्टेशन रोड हनुमान मंदिर के पास, चौक घंटाघर के पास, जिला पुरुष व महिला अस्पताल, सदर मोड़, भंगवाचुंगी, चिलबिला चौराहा, महुली चौराहा हाईमास्ट के पास नगरपालिका की ओर से अलाव जल रहा है।