स्थानीय कोतवाली का एसपी ने गुरुवार को औचक निरीक्षण किया। अपरान्ह अचानक कोतवाली आ धमके एसपी बलिकरन सिंह यादव ने सबसे पहले पुलिस बैरिक व परिसर का मुआयना किया। कोतवाली की जर्जर बैरिक व उपनिरीक्षक आवास को देखने के बाद उन्हाेंने इसकी मरम्मत की बाबत कोतवाल को आख्या भेजे जाने के निर्देश दिए। उन्होंने कोतवाली के नवनिर्मित पुलिस बैरिक का निरीक्षण करते हुए यहां बिजली तथा पानी की आपूर्ति की जानकारी हासिल की। इसके बाद उन्होंने कोतवाली के अभिलेखों का निरीक्षण किया। एसपी ने अभिलेखों के रखरखाव को दुरुस्त रखने के भी निर्देश दिए। उन्होंने कोतवाली मुख्यालय पर अफसरों तथा तैनात सभी पुलिस कर्मियों के हल्का का नाम व मोबाइल नंबर अंकित कराने के प्रभारी निरीक्षक को कड़े निर्देश दिए।
एसपी ने मातहत कर्मियों को अपराध नियंत्रण में सख्ती बरते जाने के भी निर्देश देते हुए आगाह किया कि चिन्हित अपराधियों का ब्योरा जुटाकर उनके विरुद्ध फौरन निरोधात्मक कार्रवाई की जानी चाहिए। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि थाने पर आने वाले फरियादियों की शिकायतों का मौके पर जाकर हल न करने वाले पुलिस कर्मियों की खैर न होगी। उन्होंने महिलाओं से जुड़े अपराधों को नियंत्रित करने पर विशेष जोर दिया। एसपी ने पुलिस कर्मियों को रात्रि गस्त में किसी भी प्रकार की शिथिलता न बरतने की भी हिदायत दी। औचक निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने थाने पर जमा फरियादियों की शिकायतों की खुद सुनवाई की। इस दौरान प्रभारी निरीक्षक आरएन उपाध्याय ने उन्हें वांछित सूचनाएं प्रदान की।