क्षेत्र स्थित बस डिपो पर भीषण गर्मी के बीच यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ठंडे पानी, पर्याप्त पंखे और छाया जैसी मूलभूत सुविधाओं के अभाव में यात्रियों का सफर शुरू होने से पहले ही कठिन हो रहा है। हालात यह हैं कि खराब पड़ा वाटर कूलर गर्म पानी दे रहा है। मटके के पानी से लोग प्यास बुझा रहे हैं।
मंझनपुर डिपो से प्रतिदिन सैकड़ों यात्री विभिन्न जिलों के लिए यात्रा करते हैं, लेकिन परिसर में सुविधाओं की स्थिति बेहद खराब है। यात्रियों के बैठने के लिए पर्याप्त व्यवस्था नहीं है। एक छोटे कमरे में सिर्फ एक पंखा और लगभग एक दर्जन कुर्सियों के सहारे व्यवस्था चल रही है, जो भीड़ के सामने नाकाफी साबित हो रही है। छाया के लिए लगाया गया टीनशेड भी गर्म होकर उल्टा परेशानी बढ़ा रहा है।
दोपहर के समय तेज धूप में हालात और खराब हो जाते हैं। यात्रियों को खड़े रहने में भी कठिनाई होती है। प्रतीक्षालय बना होने के बावजूद वहां पर्याप्त सीटिंग व्यवस्था नहीं है, जिससे लोग इधर-उधर भटकते रहते हैं।
पीने के पानी की स्थिति भी चिंताजनक है। परिसर में लगा वाटर कूलर लंबे समय से खराब पड़ा है और आरओ मशीन काम नहीं कर रही है, जिसके कारण गर्म पानी निकल रहा है। मजबूरी में यात्री या तो मटके का पानी पी रहे हैं या फिर बाहर से बोतलबंद पानी खरीद रहे हैं। परिसर में हैंडपंप की सुविधा भी नहीं है।
प्रयागराज से राजापुर जा रहे दीपांकर सिंह ने बताया कि यह बीच का महत्वपूर्ण स्टॉप है, लेकिन यहां पीने के पानी और शौचालय की उचित व्यवस्था नहीं है। उन्होंने कहा कि मजबूरी में उन्हें बाहर से पानी खरीदना पड़ा।
वहीं, कुलदीप कुमार ने बताया कि वे आधे घंटे से बस का इंतजार कर रहे हैं, लेकिन गर्मी में बैठने तक की सुविधा नहीं है। प्यास लगने पर वाटर कूलर के पास पहुंचे तो उससे गर्म पानी निकल रहा था।