मीटर लगाने के नाम पर वसूली कर रहे कर्मचारियों को ग्रामीणों ने बंधक बना लिया। जानकारी होने पर गांव में जुटे लोगों ने हंगामा शुरू कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने वसूली के रुपये ग्रामीणों को वापस कराए। तब जाकर मामला शांत हुआ। पुलिस आरोपी कर्मचारी से पूछताछ कर रही है।
रानीगंज तहसील क्षेत्र के शिवगढ़ ब्लाक के अडार व सरायशेरखा के लोहार गांव में 50 से अधिक लोग कनेक्शन लेकर बिजली जला रहे हैं। शुक्रवार को दो युवक वाहन से मीटर का स्टाक लेकर गांव में पहुंचे। घरों में मीटर न होने पर लोगों को धमकाने लगे।
इस पर लोग मीटर लगवाने के लिए तैयार हो गए। आरोप है कि मीटर लगाने के नाम पर किसी से 500 किसी से एक हजार तो किसी 1500 रुपये तक की वूसली की। गांव के ही कुछ लोगों को इसकी जानकारी हुई तो उन्होंने मौके पर पहुंचकर मीटर लगा रहे कर्मचारियों से पूछताछ शुरू कर दी।
वसूली को लेकर सवाल किए तो वह जवाब नहीं दे पाए। इस पर ग्रामीणों ने उन्हें बंधक बना लिया। सूचना पर डायल 100 मौके पहुंची। ग्रामीणों से घटना की जानकारी ली। इसके बाद कर्मचारियों से लोगों के रुपये वापस कराए। इसके बाद ग्रामीण शांत हुए। पुलिस दोनों ही कर्मचारियों को पूछताछ के लिए थाने ले गई।