दशहरा मेले के साथ ही राम-रावण युद्ध के लिए रामलीला मैदान में सारी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। सोमवार से ही दुकानें भी सजने लगी और झूलों के पास शाम को ही मेले जैसा आलम दिखने लगा। जिला प्रशासन का दावा है कि सुरक्षा के मुकम्मल इंतजाम किए गए हैं। महिला सिपाहियाें के साथ ही आसपास के थानों की भी फोर्स बुलाई गई है।
हर साल दशहरे पर रामलीला मैदान में मेला लगता है। मैदान में ही राम-रावण युद्ध भी होता है। रावण दहन और इससे पहले होने वाला राम-रावण, लक्ष्मण-मेघनाद युद्ध देखने के लिए भारी संख्या में लोग यहां पहुंचते हैं। रामलीला मैदान के आसपास भीड़ न हो इसके लिए सोमवार को वहां के बस, टैक्सी, टेंपो अड्डों को हटा दिया गया है। पुलिस अधीक्षक माधव प्रसाद वर्मा ने बताया कि दशहरा एक तरह से भरत मिलाप का ट्रायल होगा। ऐसे में सुरक्षा की मुकम्मल व्यवस्था की गई है। सादे कपड़ाें में भी पुलिस बल तैनात किया जाएगा।
डायवर्ट होगा रूटः दशहरा और भरतमिलाप पर सुबह 10 बजे से शहर से होकर कोई भी वाहन नहीं गुजरेगा। यह व्यवस्था दूसरे दिन सुबह 10 बजे तक रहेगी। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि इलाहाबाद की ओर से आने वाले वाहनों को भुपियामऊ चौराहे से रानीगंज की ओर भेजा जाएगा। वे जामताली, पट्टी होकर कोहंडौर की ओर जाएंगे। इसी प्रकार सुल्तानपुर से आने वाले वाहनों को कोहंडौर से मोड़कर भुपियामऊ भेजा जाएगा। रायबरेली की ओर से आने वाले वाहनों को सुखपालनगर तिराहे से भुपियामऊ की ओर भेजा जाएगा। अमेठी की ओर से आने वाले वाहनों को चिलबिला से कोहंडौर की ओर मोड़ दिया जाएगा। उधर संडवा चंद्रिका प्रतिनिधि के मुताबिक टाउन एरिया अंतू का भरत मिलाप 14 अक्तूबर को होगा। ये जानकारी रामलीला कमेटी अध्यक्ष लल्लन दूबे ने दी। बताया कि इस बार अधिक झांकियां निकाली जाएंगी।