गोशाला में मृत पड़े गोवंशों का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने पर शनिवार को प्रशासन में हडक़ंप मच गया। वीडियो को चंदीगोविंदपुर गोशाला का बताते हुए एक युवक ने डीएम के फेसबुक वॉल पर भी टैग किया। जिलाधिकारी के निर्देश पर जिला पशुचिकित्साधिकारी ने गोशाला का निरीक्षण किया। इस दौरान दो जानवर बीमार पाए गए। डाक्टरों की टीम उनका इलाज कर रही है।
रानीगंज तहसील क्षेत्र के चंदीगोविंदपुर में गोशाला है। गांव के ही एक युवक ने शनिवार को गोशाला में अव्यवस्था व मृत जानवरों का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। वायरल वीडियों को चंदीगोविंदपुर गोशाला का बताते हुए इसे जिलाधिकारी के फेसबुक वॉल पर भी टैग किया। मृत जानवरों व गोशाला की अव्यवस्था देख प्रशासन में हडक़ंप मच गया।
जिलाधिकारी ने जिला पशु चिकित्साधिकारी को जांच का निर्देश दिया। आननफानन में पशु चिकित्साधिकारी डा.विजय प्रताप सिंह चिकित्सकों की टीम के साथ जांच करने पहुंचे। जिला पशु चिकित्साधिकारी ने बताया कि जांच के दौरान दो जानवर बीमार मिले हैं। जिनका इलाज चिकित्सकों की टीम कर रही है। किसी तरह की कोई अव्यवस्था नहीं पाई गई है।