चिलबिला ओवरब्रिज के उद्घाटन का इंतजार कर रहे लोगों के सब्र का बांध गुरुवार को टूट गया। अभी तक दो पहिया वाहन ओवरब्रिज से गुजर रहे थे, मगर गुरुवार से स्कूली बस, मिनी बस के साथ ही चार पहिया वाहन दौड़ने प्रारंभ हो गए हैं।
इलाहाबाद-फैजाबाद हाईवे पर चिलबिला क्रासिंग पर ओवरब्रिज का निर्माण अंतिम दौर में है। चिलबिला क्रासिंग पर लगने वाला जाम किसी से भी नहीं छिपा है। वर्तमान में क्रासिंग के दोनों ओर सड़क की हालत इतनी खराब है कि दो पहिया वाहनों का गुजरना मुश्किल हो गया है। ओवरब्रिज के ऊपर से दो पहिया वाहन पहले से चल रहे थे। गुरुवार को ओवरब्रिज पर लगे अवरोध को स्थानीय लोगों ने हटा दिया। इसके बाद स्कूली बस, मिनी बस और चार पहिया वाहनों के दौड़ने का सिलसिला तेज हो गया है। इससे गुरुवार को क्रासिंग से गुजरने वाले यात्रियों को इंतजार नहीं करना पड़ा। बतादें कि सांसद कुंवर हरिवंश सिंह को सीएम और केंद्रीय मंत्री का कार्यक्रम नहीं मिलने के कारण अभी तक उद्घाटन की तिथि निश्चित नहीं हो पाई है।