दिलीपपुर पुलिस ने फरार चल रहे 25 हजार के इनामी हत्यारोपी को बृहस्पतिवार को गिरफ्तार कर जेल भेजा। आरोपी के पास से घटना में प्रयुक्त लोहे की रॉड भी बरामद की गई है। पुलिस के अनुसार करनपुर खूंझी में छह जुलाई की शाम पुरानी रंजिश को लेकर दो पक्षों में मारपीट हो गई थी। जिसमें 30 वर्षीय रमेश कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उपचार के दौरान प्रयागराज में रमेश की मौत हो गई थी।
मृतक रमेश के भाई उमेश की तहरीर पर पुलिस ने पड़ोसी विनोद कुमार, राजेश कुमार, भोला, राकेश कुमार, संजय कुमार उर्फ महंथे के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। इस दौरान तीन आरोपियों को जेल भेजा गया था। पुलिस ने फरार चल रहे संजय कुमार उर्फ महंथे व विनोद कुमार के खिलाफ पुलिस ने 25 हजार का इनाम घोषित किया था। 20 दिन पूर्व संजय कुमार को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।
बृहस्पतिवार भोर में पुलिस ने जगदीशगढ़ चौराहे के करीब विनोद कुमार को भी गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से घटना में प्रयुक्त लोहे की रॉड बरामद की गई है। लिखापढ़ी के बाद उसे जेल भेजा गया।