चंगाई सभा में धर्म परिवर्तन कराने की सूचना पर पहुंचे लोगों ने हंगामा शुरू कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने चार लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है।
हथिगवां थाना क्षेत्र के चनपुरवा निवासी रूप चंद्र सरोज के घर पर प्रत्येक बृहस्पतिवार को चंगाई सभा का आयोजन किया जाता है। जिसमें लोगों की भीड़ जुटती है। बृहस्पतिवार को भी लोगों की भीड़ जुटी हुई थी। चंगाई सभा के नाम पर धर्म परिवर्तन कराने की जानकारी होने पर क्षेत्र के हिंदू संगठनों के ध्रुव शुक्ला, संदीप ओझा, राजेश धुरिया, बीडीसी धर्मेंद्र विश्वकर्मा, आशीष केसरवानी, अविनाश साहू, राघवेंद्र यादव समेत दर्जनों लोग मौके पर पहुंचे और हंगामा शुरू कर दिया।
उनका आरोप था कि चंगाई सभा के नाम पर क्षेत्र के गरीब लोगों को एकत्रित किया जाता है। जिसमें बीमारी दूर करने व धन का प्रलोभन देकर धर्म परिवर्तन कराया जाता है। इसकी जानकारी होने पर पुलिस मौके पर पहुंची और हंगामा कर रहे लोगों को शांत कराते हुए चंगाई सभा में शामिल चार लोगों को हिरासत में ले लिया। सीओ अमरनाथ गुप्ता का कहना है कि सूचना मिलने पर पुलिस गई थी। कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।