Unemployed will get 4 percent interest for employment generation
जिले के शिक्षित बेरोजगारों के लिए खुशखबरी है। स्वरोजगार सृजित करने के लिए उन्हें चार प्रतिशत ब्याज दर पर ऋण मुहैया कराने के लिए शासन ने मुख्यमंत्री ग्रामोद्योग योजना पर मुहर लगा दी है। अब महज चार प्रतिशत ब्याज दर पर दस लाख रुपये तक का ऋण प्राप्त कर बेरोजगार छोटी इकाइयां स्थापित कर सकते हैं।
सूबे में दूसरी बार सत्ता में आई योगी सरकार ने बेरोजगारों के लिए प्रारंभ हुई मुख्यमंत्री ग्रामोद्योग योजना को हरी झंडी देेते हुए इस बार लक्ष्य बढ़ा दिया है। महज चार प्रतिशत ब्याज पर मिलने वाले ऋण से बेरोजगार नया रोजगार प्रारंभ कर सकते हैं। जिला ग्रामोद्योग अधिकारी विनोद कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों से अधिकतम दस लाख रुपये का ऋण मिलता है। पूंजीगत ऋण पर सिर्फ चार प्रतिशत ब्याज अदा करना होता है।
बाकी ब्याज की राशि सब्सिडी के तौर पर सीधे बैंकों को भेज दी जाती है। उन्होंने बताया कि सामान्य वर्ग के लाभार्थियों को प्रोजेक्ट लागत का दस प्रतिशत और आरक्षित वर्ग के लोगों को पांच प्रतिशत अंशदान करना होता है। उन्होंने बताया कि इच्छुक व्यक्ति 27 अप्रैल तक आनलाइन पोर्टल पर आवेदन कर सकते हैं।
भुर्जी समाज के लोगों को मुफ्त मिलेगी पापकार्न मशीन
भुर्जी समाज के लोगों को पापकार्न बनाने के लिए मुफ्त में मशीन दी जाएगी। इच्छुक व्यक्ति 20 अप्रैल तक आधारकार्ड, जाति प्रमाणपत्र के साथ आवेदन कर सकते हैं। योगी सरकार ने यह नई योजना प्रारंभ की है। शहर और गांव के आवेदक इस योजना का लाभ उठा सकते हैं।