प्रतापगढ़- कुंडा मार्ग पर फसियालगढ़ भावनपुर में शनिवार भोर में कोहरे में बेकाबू पिकअप पेड़ से टकरा गई। जिसमे चालक सर्वेश निषाद की मौत हो गई। उसका चचेरा भाई सागर निषाद घायल हो गया। पुलिस ने एक घंटे की मशक्कत के बाद बुलडोजर की मदद से चालक के शव को बाहर निकाला।
कानपुर के महाराजपुर थाना क्षेत्र के किशनपुर निवासी सर्वेश निषाद (23) पिकअप चालक था। वह शुक्रवार की रात डेरवा बाजार के रहने वाले किराना कारोबारी नौशाद की दुकान का सामान सोडा पाउडर, ऐश का भाड़ा पहुंचाने निकला। उसके साथ मालवाहक वाहन पर चचेरा भाई सागर निषाद (20) भी था। रायबरेली होते हुए वह डेरवा बाजार की ओर आ रहा था। जेठवारा थाना क्षेत्र के फसियालगढ़ भावनपुर के पास पहुंचने पर वहां घना कोहरा था। इस बीच सामने से कुत्ता आ गया। जिसे बचाने में पिकअप अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। तेज आवाज सुनकर राहगीर संग आसपास के लोग दौड़ पड़े। लोगों ने वाहन में फंसे घायल सागर को बाहर निकाला, लेकिन चालक सर्वेश पेड़ व पिकअप की स्टेरिंग के बीच फंसा रहा। सूचना पर पुलिस भी पहुंच गई। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद जेसीबी बुलाकर पेड़ में फंसे वाहन को बाहर निकाला। जिसके बाद चालक सर्वेश का शव निकाला जा सका। दोनों को एंबुलेंस से लालगंज सीएचसी भेजा गया। जहां डॉक्टरों ने सर्वेश को मृत घोषित कर दिया। प्राथमिक उपचार के बाद चचेरे भाई सागर को छुट्टी दे दी। सूचना मिलने पर रोते-बिलखते परिजन पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे और शव लेकर चले गए।