प्रयागराज-अयोध्या राजमार्ग पर कोहड़ौर थाना क्षेत्र के करिस्ता गांव के करीब मंगलवार की सुबह खड़े ट्रेलर में पीछे से कार घुस गई। हादसे में कार सवार महिला की मौत हो गई। कारोबारी पति व बेटा गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद प्रयागराज स्वरूप रानी नेहरू चिकित्सालय (एसआरएन) रेफर कर दिया गया।
सुल्तानपुर जनपद के शाहगंज 163 मुरारी दास की गली निवासी मनीष बरनवाल (49) मसाला का थोक कारोबारी हैं। उनका बड़ा बेटा आसी पुणे में पढ़ाई करता है। उसके पास जाने के लिए मनीष अपनी पत्नी विभा (41) और बेटे अनिकेत (17) को साथ लेकर कार से सोमवार को घर से निकले थे। मंगलवार को वाराणसी से फ्लाइट पकड़नी थी। शाम को सभी भदोही रिश्तेदार के घर रुके। इस बीच उनके अधिवक्ता ने जीएसटी के एक मामले की सुनवाई की जानकारी देते हुए मंगलवार को अयोध्या पहुंचने के लिए कहा। वह यात्रा कैंसिल कर मंगलवार भोर में घर के लिए चल पडे।
करिस्ता पेट्रोल पंप के करीब कार अनियंत्रित होकर खड़े ट्रेलर में पीछे से घुस गई। तेज आवाज होने पर आसपास के लोगों के साथ ही राहगीर दौड़कर पहुंचे। लोगों ने कार में फंसे घायलों को बाहर निकाला। पुलिस लोगों की मदद से सभी को मेडिकल कॉलेज भेजा, जहां विभा जायसवाल की उपचार के दौरान मौत हो गई। घायल मनीष व बेटे अनिकेत को उपचार के लिए प्रयागराज रेफर कर दिया।
बेटे से मिलने की हसरत रह गई अधूरी
पुणे में रहकर पढ़ाई करने वाले बेटे आसी से मिलने की हसरत पाले मां विभा काफी दिनों से मनीष पर दबाव बना रही थी। परिवार के लोगों का कहना था कि उसकी जिद पर ही मनीष ने वाराणसी से फ्लाइट का टिकट करवाया था। उन लोगों ने भदोही में रहने वाले रिश्तेदार के घर भी रुकने का कार्यक्रम बना लिया।
महत्वपूर्ण था मुकदमा
पुलिस के अनुसार सोमवार की शाम घायल मनीष को जीएसटी के मुकदमे के सिलसिले में अयोध्या में पेशी की जानकारी हुई। संबंधित लोग उसे बार-बार फोन कर पेशी पर पहुंचने के लिए कहते रहे।