क्षेत्र के दो युवकों की रायबरेली में हुए सड़क हादसे में मौत हो गई। इसकी जानकारी होने पर परिजनों में कोहराम मच गया। हादसे में उनका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। तीनों रविवार को एक ही बाइक से शटरिंग का सामान खरीदने रायबरेली गए थे। किसी ने हेलमेट नहीं पहना था।
लालगंज कोतवाली के हंडौर निवासी अमृतलाल गुप्ता (24) पुत्र मक्खनलाल गुप्ता सगरासुंदरपुर बाजार में रहकर शटरिंग का कार्य करता था। रविवार को वह बाइक से अपने सहयोगी अंतू थाना क्षेत्र के छतरपुर शिवाला के कमलेश वर्मा (22) व अनिल कुमार सिंह (32) निवासी चंदन का पुरवा थाना जेठवारा के साथ व्यवसाय के संबंध में कुछ सामानों की खरीदारी करने रायबरेली शहर गए थे।
तीनों एक ही बाइक से थे। रात करीब 11 बजे तीनों बाइक से घर लौट रहे थे। रायबरेली जिले के सलोन कोतवाली इलाके में करहिया बाजार के समीप एक ट्रक की चपेट में आ गए। हादसे में अमृतलाल और कमलेश की मौके पर ही मौत हो गई।
जानकारी पर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए रायबरेली के जिला अस्पताल भेज दिया। हादसे में अनिल कुमार गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की जानकारी पुलिस माध्यम से मृतकों के परिजनों को हुई तो कोहराम मच गया। बिलखते परिजन मृतकों का शव लाने रायबरेली के लिए रवाना हो गए। सोमवार को मृतक के घर हंडौर में ढांढस बंधाने वालों का तांता लगा रहा।