शहर के पल्टन बाजार में कोरोना से वृद्धा की मौत के बाद अब उसके परिवार की दो साल की बच्ची की रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है। अन्य परिजनों की रिपोर्ट निगेटिव है। बालिका को अस्पताल ले जाने को लेकर 24 घंटे तक स्वास्थ्य विभाग व प्रशासन की टीम माथापच्ची करती रही। बाद में शासन के निर्देश पर संक्रमित बालिका को उसकी मां के साथ एसआरएन प्रयागराज भेजा गया।
शहर के पल्टन बाजार में कुछ दिनों पहले कोरोना पीड़ित वृद्धा की मौत हो गई थी। उसके शव को दफना दिया गया था। जिसमें बड़ी संख्या में लोगों के शामिल होने की बात सामने आई थी।
वृद्धा की मौत के दूसरे दिन आई जांच रिपोर्ट में उसके पॉजिटिव होने का पता चला था। जिसके बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम ने परिवार के लोगों के साथ आसपास के लोगों का सैंपल लेकर जांच के लिए भेजा था।
रविवार की देर रात आई रिपोर्ट में वृद्धा के परिवार की दो साल की बालिका भी संक्रमित निकली। इसके बाद स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया। परिवार के अन्य सदस्यों की रिपोर्ट नहीं आई थी। रिपोर्ट के इंतजार में स्वास्थ्य विभाग हाथ पर हाथ धरे बैठा रहा। सोमवार की सुबह स्वास्थ्य विभाग की टीम बालिका के संक्रमित होने की छानबीन करने पल्टन बाजार पहुंची।
परिवार के लोगों का पूरा ब्यौरा खंगालने के बाद ननिहाल की जानकारी ली। रिश्तेदारों के मुंबई से आने समेत अन्य जानकारी लेने के बाद टीम लौट गई। संक्रमित बालिका को ट्रामा सेंटर में रखकर उपचार करने व उसकी देखभाल को लेकर स्वास्थ्य विभाग परेशान रहा। दिनभर माथापच्ची होती रही। बाद में स्वास्थ्य विभाग ने शासन से राय मांगी।
शाम को मृत वृद्धा के परिवार के लोगों की रिपोर्ट निगेटिव आ गई। जिसे देखते हुए देर शाम शासन से गाइडलाइन मिलने के बाद बालिका के साथ उसकी मां को देखभाल के लिए एसआरएन प्रयागराज भेजने की तैयारी होने लगी।
सीएमओ डा. अरविंद श्रीवास्तव ने बताया कि बालिका की देखभाल के लिए उसकी मां को भेजा गया है। वहां स्वास्थ्य विभाग के साथ बालिका की मां को भी पीपीई किट पहनने के लिए दी जाएगी।