बाइक एजेंसी पर लगी ग्राहकों की भीड़। संवाद
सहालग शुरू होते ही शहर व ग्रामीण अंचल के शोरूम में लोग बाइक की एडवांस बुकिंग और खरीदारी कर रहे हैं। बाइक शोरूम संचालकों के अनुसार, मार्च के सापेक्ष अप्रैल में बाइक की बिक्री करीब 20 फीसदी तक बढ़ गई है।
शहर के भंगवा चुंगी, सदर बाजार, चिलबिला एवं ग्रामीण क्षेत्रों के बाइक शोरूम सहालग में गुलजार हैं। शहर स्थित बाइक शोरूम के मैनेजर वसीउल्ला ने बताया कि सहालग में बाइक की बुकिंग और बिक्री तेज हुई है। अप्रैल में करीब 700 बाइकों की बिक्री हुई है। जबकि 11 सौ बाइकों की एडवांस बुकिंग हो चुकी है। वहीं, मार्च में करीब 550 बाइकें बिकी थीं।
बाइक शोरूम संचालक मनोज सिंह ने बताया कि वैवाहिक कार्यक्रमों में लोग उपहार स्वरूप बाइक दे रहे हैं। मनपसंद बाइक खरीदने के लिए लोग हर दिन 40 से अधिक एडवांस बुकिंग करा रहे हैं।
बाबा बेलखरनाथ धाम ब्लॉक के ताला गांव निवासी राजकुमार ने बताया कि भतीजी के विवाह में उपहार देने के लिए बाइक की एडवांस बुकिंग कराई थी। एक सप्ताह बाद अब बाइक मिली। लालगंज तहसील के प्रदीप पाठक ने बताया कि भतीजी की शादी के लिए बाइक की एडवांस बुकिंग कराई है।