नवरात्र में जिले के हजारों लोग मां वैष्णोदेवी का दर्शन करने जाते हैं। ऐसे में इस दौरान ट्रेनों में पैर रखने तक की नहीं मिलती है। भीड़ को ध्यान में रखकर रेलवे ने वाराणसी से माता वैष्णो देवी कटड़ा के लिए दो विशेष ट्रेनें चलाने की घोषणा की है।
पहली विशेष ट्रेन नवरात्र के पहले दिन वाराणसी से रवाना होगी तो दूसरी ट्रेन चौथे दिन रात 10 बजे रवाना होगी। नवरात्र के तीसरे दिन एक ट्रेन कटड़ा से चलेगी तो दूसरी पांचवें दिन चलेगी। दोनों ट्रेनें मुरादाबाद, बरेली, लखनऊ, रायबरेली, मां बेल्हादेवी, जंघई होते हुए वाराणसी जाएगी। ट्रेनों का इन स्टेशनों पर ठहराव भी होगा। स्टेशन अधीक्षक शमीम अहमद ने बताया कि ट्रेनों के आने-जाने की समय सारिणी अभी मुझे नहीं मिली है। ट्रेनों की जानकारी यात्री रेलवे स्टेशन से ले सकते हैं।
निरस्त ट्रेनों का संचालन बहाल
जंघई में चल रहे ट्रैक दोहरीकरण के चलते निरस्त चल रही ट्रेनों का संचालन बहाल कर दिया गया है। जनता एक्सप्रेस का संचालन पूर्व की तरह फिर वाराणसी से देहरादून के लिए होगा। वहीं, पंजाबमेल प्रतापगढ़ के रास्ते वाराणसी जाने लगी है। स्टेशन अधीक्षक शमीम अहमद ने बताया कि रायबरेली-जौनपुर इंटरसिटी, वीपी पैसेंजर, बीएल पैसेंजर, लखनऊ-वाराणसी इंटरसिटी, नीलांचल एक्सप्रेस का संचालन भी बहाल कर दिया गया है। इससे अब यात्रियों को वाराणसी और लखनऊ का सफर आसान होगा।
चार अक्तूबर तक मां बेल्हादेवी जंक्शन होकर गुजरेगी गंगा सतलज, दून एक्सप्रेस
सुलतानपुर रेल मार्ग पर चल रहे ट्रैक मरम्मतीकरण के चलते गंगा सतलज और दून एक्सप्रेस चार अक्तूबर तक मां बेल्हादेवी जंक्शन होकर संचालित होगीं। इससे यात्रियों का सफर आसान होगा। दोनों ट्रेनों का ठहराव मां बेल्हादेवी जंक्शन पर होगा।