मानिकपुर में किन्नरों ने किया हंगामा।
- फोटो : संवाद।
मानिकपुर कस्बे में मंगलवार को किन्नरों के दो गुटों के बीच वसूली को लेकर जमकर बवाल हो गया। विवाद इतना बढ़ा कि दोनों पक्षों ने कपड़े उतारकर सड़क पर प्रदर्शन शुरू कर दिया। करीब डेढ़ घंटे तक चले इस तांडव से पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और गोतनी रोड पूरी तरह आवागमन के लिए बाधित हो गया। इस दौरान पुलिस मौके पर मौजूद रही, लेकिन किन्नरों का उग्र रूप देखकर मूकदर्शक बनी रही।
मानिकपुर के पप्पू और पनिगौं निवासी रेखा किन्नर के गुट के बीच लगातार टकराव की स्थिति बनी रहती है। मंगलवार को रेखा देवी अपने साथियों के साथ सभागंज चौराहे के पास दुकानों से वसूली करने पहुंची थी। इस पर पप्पू गुट के किन्नरों ने विरोध किया और कहा कि यह उनका क्षेत्र है। यहां दूसरी ओर से वसूली नहीं की जा सकती। देखते ही देखते दोनों पक्षों में गाली-गलौज शुरू हो गई और फिर सड़क पर हंगामा खड़ा हो गया। मामला बढ़ते ही दोनों गुटों ने बीच सड़क पर ताली बजाते हुए कपड़े उतार दिए और नग्न प्रदर्शन शुरू कर दिया।
राहगीरों और दुकानदारों के सामने किन्नरों का यह घिनौना प्रदर्शन देखकर लोग शर्मसार होकर खिसकने लगे। महिलाएं और बच्चे वहां से भाग खड़े हुए। पुलिस बल मौके पर मौजूद रहा, लेकिन किन्नरों की आक्रामकता के आगे असहाय दिखाई दिया। करीब डेढ़ घंटे तक चले प्रदर्शन के कारण गोतनी रोड पर यातायात पूरी तरह ठप रहा। हालात तब काबू में आए जब प्रयागराज से किन्नर समाज की मुखिया मुस्कान नंद गिरी मौके पर पहुंचीं। उन्होंने पहले तो ताली बजाकर अपनी मौजूदगी दर्ज कराई। फिर दोनों गुटों को समझाया। इसके बाद पुलिस दोनों पक्षों को थाने ले जाकर बातचीत की। गौरतलब है कि इससे पहले भी रेखा और अनारकली गुट के बीच सीमा और अधिकार क्षेत्र को लेकर कई बार विवाद हो चुका है।