नदी में कूद कर जान देने वाले व्यापारी का शव चौबीस घंटे बादर बरामद हो सका। गोताखोरों के साथ दो थानों की पुलिस तलाश में जुटी थी। दूसरे दिन तलाशी अभियान का जायजा लेने पूर्व सांसद भी पहुंचे। शव बरामद करने के बाद पुलिस ने पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।
लालगंज कोतवाली के संगियापुर निवासी राजकुमार (25) पुत्र वंशीलाल गल्ले का कारोबार करता था। रविवार को अपराह्न वह बाइक से घुइसरनाथ धाम पहुंचा और पुल से सई नदी में छलांग लगा दी। घटना की जानकारी पर सीओ जगमोहन सिंह लालगंज व सांगीपुर थाने की फोर्स के साथ पहुंचे और शव की तलाश में जुट गए। काफी देर तलाश के बाद भी व्यापारी का शव नहीं मिल सका।
रात होने के कारण पुलिस लौट गई। दूसरे दिन सोमवार को सीओ जगमोहन सिंह दोनों थानों की फोर्स व आधा दर्जन गोताखोरों के साथ शव की तलाश में पहुंच गए। घटना की जानकारी पर पूर्व राज्यसभा सदस्य प्रमोद तिवारी भी मौके पर पहुंचे और तलाशी अभियान का जायजा लिया। उन्होंने अफसरों से बात कर शीघ्र शव को नदी से निकलवाने की बात कही।
काफी मशक्कत के बाद लगभग चौबीस घंटे बाद गल्ला व्यापारी का शव सई नदी में बरामद हो गया। व्यापारी का शव बरामद होते ही परिजन बदहवाश होकर बिलखने लगे। पुलिस ने परिजनों को समझाबुझाकर शव का पंचनामा पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा। घटना का कारण घरेलू कलह बताया जा रहा है। हालांकि परिजन इस बारे में कुछ भी बोलने से इनकार कर रहे हैं। सांगीपुर एसओ ने बताया शव को नदी से निकालकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है।
मट्टन नाला में डूबने से बच्ची की मौत
घर से बाहर खेलने निकली पांच वर्षीय मासूम बच्ची की मट्टन नाला में डूबने से मौत हो गई। चिकित्सकों के मृत घोषित करने पर परिजनों ने शव का अंतिम संस्कार कर दिया।
उदयपुर थाना क्षेत्र के ओरीपुर रेहुआ लालगंज निवासी धीरेंद्र सिंह की पांच वर्षीय पुत्री तृप्ति सोमवार को घर के बाहर खेल रही थी। अचानक वह घर से दो सौ मीटर दूर मट्टन नाला के पास चली गई। पैर फिसलने से वह नाले में चली गई।
जानकारी पर ग्रामीणों ने किसी तरह उसे बाहर निकाला, लेकिन तक तब वह अचेत हो गई। आनन-फानन में परिजन उसे लेकर चिकित्सक के पास गए, यहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद परिजनों ने मासूम के शव का अंतिम संस्कार कर दिया। उदयपुर पुलिस ने घटना की जानकारी से इंकार किया है।
कोरोना की लड़ाई के बजाए सरकार गिराने का खेल कर रही भाजपा: प्रमोद तिवारी
वरिष्ठ कांग्रेस नेता व पूर्व राज्य सभा सदस्य प्रमोद तिवारी ने भाजपा की केंद्रीय सत्ता पर निशाना साधते हुए कहा कि देश में कोरोना के खिलाफ लड़ाई के बजाय पूरी सरकार गैर भाजपा शासित राज्यों में सत्ता हासिल करने की अनैतिक लड़ाई में लगी हुई है।
तिवारी ने सोमवार को क्षेत्रीय विधायक आराधना मिश्रा मोना के कैंप कार्यालय पर कहा कि राजस्थान हल्दी घाटी की वीर धरती है, जहां कांग्रेस को सरकार चलाने के लिए जनादेश हासिल हुआ है। इसे राजस्थान की गहलोत सरकार हर हाल में पूरा करेगी। तिवारी ने कहा कि दुर्भाग्य की बात यह है कि जब देश शताब्दी की सबसे बड़ी त्रासदी कोरोना से जूझ रहा है तो भाजपा का शीर्ष नेतृत्व पहले मध्य प्रदेश और अब राजस्थान में सत्ता हासिल करने की अनैतिक जंग लड़ रहा है।
प्रमोद तिवारी ने राजस्थान के राजनीतिक घटनाचक्र को भाजपा का दुर्भाग्यपूर्ण व शर्मनाक कृत्य बताया। इससे पहले पूर्व सांसद तिवारी ने बाबा घुइसरनाथधाम में दर्शनपूजन कर जनकल्याण की कामना की। उन्होने क्षेत्र भ्रमण के दौरान धधुआ गाजन, मिश्राइनपुर, अमांवा, भवराम बोझी आदि में जनसमस्याएं सुनीं और अफसरों से वार्ता कर उनके निराकरण का प्रयास किया। उन्होंने जलेशरगंज में व्यापार मंडल के पूर्व अध्यक्ष हरीलाल केसरवानी के निधन पर परिजनों से मिलकर परिजनों को ढांढस बंधाया। इस मौके पर प्रतिनिधि भगवती प्रसाद तिवारी, मीडिया प्रभारी ज्ञान प्रकाश शुक्ल, ब्लाक प्रमुख ददन सिंह, चेयरपर्सन प्रतिनिधि संतोष द्विवेदी, प्रधान पारस नाथ शुक्ल, दयाराम वर्मा, अधिवक्ता परिषद के पूर्व अध्यक्ष अजय शुक्ल गुड्डू आदि मौजूद रहे।