पट्टी में दबंगों द्वारा छात्रों की पिटाई के विरोध में जाम लगाए सेवाश्रम महाविद्यालय ढिंढुई के छात्र-छात्राएं।
- फोटो : pratapgarh
पट्टी इलाके में बुधवार को राष्ट्रीय सेवायोजन के तहत लोगों को जागरूक करने के लिए रैली निकाल रहीं छात्राओं पर मनचलों ने फब्तियां कसनी शुरू कर दीं। विरोध करने पर शोहदों ने एक छात्र और एक छात्रा को पीटकर घायल कर दिया।
आक्रोशित छात्र-छात्राओं ने नारंगपुर व कोतवाली पट्टी के सामने जाम लगाकर हंगामा करना शुरू कर दिया। पुलिस ने किसी तरह उन्हें समझाकर जाम खत्म कराया। छात्र-छात्राओं की ओर से पुलिस को तहरीर दी गई है।
सेवाश्रम महाविद्यालय ढिढुई पट्टी में सात दिवसीय राष्ट्रीय सेवायोजन का कैंप चल रहा था। बुधवार को कैंप का समापन था। कार्यक्रम अधिकारी डा. प्रसेनजीत सागर के नेतृत्व में दोपहर बाद प्राथमिक विद्यालय नारंगपुर से मुजाही बाजार तक एनएसएस कैंप में शामिल छात्र-छात्राओं ने रैली निकाली।
मुजाही बाजार के करीब तीन बाइकों पर सवार सात मनचले छात्राओं के पास से गुजरने के दौरान फब्तियां कसने लगे। छात्र-छात्राओं ने इसका विरोध किया। यह देख मनचलों ने बाइक खड़ी कर विरोध करने वाले छात्र सुभाष यादव (22) पुत्र रमाशंकर निवासी मलाक दोसी पट्टी थाना चांदा सुल्तानपुर व छात्रा विभा वर्मा को पीटना शुरू कर दिया।
शोरशराबा सुनकर बाजार के कुछ युवक भी मनचलों के साथ आकर मारपीट करने लगे। इससे बाजार में भगदड़ मच गई। अफरातफरी के माहौल के बीच रैली लौटी। घायल छात्र-छात्राओं को दूसरे वाहन से नारगंपुर तक लाया गया।
इस बीच आक्रोशित विद्यार्थियों ने पट्टी-मुजाही बाजार मार्ग पर जाम लगा दिया। सूचना मिलने पर पट्टी पुलिस मौके पर पहुंची। जानकारी लेने के बाद सभी को कार्रवाई का भरोसा दिलाया। घायल छात्र-छात्राओं को पट्टी सीएचसी लाया गया।
शाम को छात्र-छात्राओं ने पट्टी कोतवाली पहुंचकर हंगामा करते हुए जाम लगा दिया। वे मनचलों पर कार्रवाई की मांग कर रहे थे। पुलिस ने सभी को आश्वासन दिया कि कि वह आरोपियों की तलाश कर रही है। उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। जिसके बाद छात्र-छात्राओं ने जाम समाप्त किया।