कोहरा अभी भले ही नहीं पड़ रहा हो, लेकिन रेल महकमा डर गया है। प्रतापगढ़ से होकर गुजरने वाली सात जोड़ी ट्रेनों को निरस्त कर दिया गया है। इससे रेल यात्रियों को 13 दिसंबर से 15 फरवरी तक परेशानी उठानी पड़ेगी।
स्टेशन अधीक्षक त्रिभुवन मिश्र ने बताया कि रेलवे बोर्ड ने ट्रेनों के निरस्तीकरण का आदेश जारी कर दिया है। प्रयाग-बरेली पैसेजर को 13 दिसंबर से 12 जनवरी तक निरस्त किया गया है। वहीं बरेली-प्रयाग पैसेंजर 15 दिसंबर से 13 जनवरी तक नहीं चलेगी। वाराणसी से चलकर देहरादून को जाने वाली जनता एक्सप्रेस 13 दिसंबर से 15 फरवरी तक के लिए निरस्त कर दी गई है। देहरादून से चलकर बनारस को जाने वाली जनता एक्सप्रेस को 15 दिसंबर से 16 फरवरी तक के लिए निरस्त किया गया है।
मालदा टाउन से दिल्ली को जाने वाली फरक्का एक्सप्रेस को 13 दिसंबर से 15 फरवरी तक के लिए जहां निरस्त किया गया है, वहीं दिल्ली से चलकर मालदाटाउन को जाने वाली फरक्का एक्सप्रेस, प्रयागराज-बस्ती एक्सप्रेस और बस्ती से चलकर प्रयागराज को जाने वाली मनवर संगम एक्सप्रेस 13 दिसंबर से 14 फरवरी तक नहीं चलेंगी। हावड़ा-अमृतसर पंजाब मेल 17 दिसंबर से 15 फरवरी तक प्रत्येक मंगलवार को तो अमृतसर से चलकर हावड़ा को जाने वाली पंजाब मेल 20 दिसंबर से 16 फरवरी तक प्रत्येक गुरुवार को निरस्त रहेगी। पीआरएल और वीएल पैसेंजर अप और डाउन 14 दिसंबर से 15 फरवरी तक कोहरे के कारण निरस्त रहेंगी।
दो माह तक स्टेशन पर पसरा रहेगा सन्नाटा
प्रतापगढ़ स्टेशन से होकर गुजरने वाली अप और डाउन को मिलाकर कुल 16 ट्रेनों को कोहरे के चलते निरस्त कर दिया गया है। ऐसे में अब प्रतापगढ़ स्टेशन पर एक ओर जहां सन्नाटा पसरा रहेगा वहीं दूसरी ओर यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ेगा। कुंभ मेले में जाने वाले यात्रियों को भी मुसीबत झेलनी पड़ेगी। उन्हें मजबूरी में बसों का सहारा लेना पड़ेगा।
कोहरे के कारण रेलवे ने इन ट्रेनों को निरस्त किया है। कुंभ में मेला स्पेशल ट्रेनों का संचालन किया जाएगा। फैजाबाद और लखनऊ से कई स्पेशल ट्रेनें चलाए जाने की उम्मीद है।
त्रिभुवन मिश्र, स्टेशन अधीक्षक, प्रतापगढ़।