व्यापार मंडल कार्यालय पर आयोजित कार्यक्रम में व्यापारियों को कर में छूट की जानकारी देते अधिकारी
- फोटो : PRATAPGARH
वाणिज्य कर विभाग के असिस्टेंट कमिश्नर अरविंद कुमार पांडेय ने जिले के व्यापारियों से अर्थदंड माफी का लाभ उठाने को कहा है। उन्होंने कहा कि 31 मार्च तक ब्याज माफी का लाभ उठाने वाले व्यापारियों को पांच प्रतिशत छूट का लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि ऐसा पहली बार हुआ कि व्यापारियों के सभी अर्थदंड को माफ कर दिया गया है।
व्यापार मंडल के कार्यालय पर मंगलवार को उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के जिलाध्यक्ष राजेंद्र कुमार केसरवानी की अध्यक्षता में हुई संगोष्ठी में व्यापारियों के सवालों का अफसरों ने जवाब दिया।
असिस्टेंट कमिश्नर अरविंद पांडेय ने कहा कि ब्याज माफी योजना को पारदर्शिता बरतने के लिए पूरी तरह आनलाइन किया गया है। उन्होंने कहा कि दस लाख रुपये टर्नओवर करने वाले व्यापारियों के लिए लागू यह योजना बहुत ही महत्वपूर्ण है।
उन्होंने कहा कि पांच करोड़ रुपये का टर्नओवर करने वाले व्यापारियों को अब रिटर्न दाखिल करने के लिए तीन माह का समय मिलेगा। अभी तक हर माह रिटर्न दाखिल करना होता था।
इस मौके पर उपायुक्त वीके यादव, रामशंकर जायसवाल, मंजीत सिंह छाबड़ा, अश्वनी केसरवानी, प्रमोद केसरवानी, प्रदीप खंडेलवाल, गोलू सोनकर आदि मौजूद रहे।