चेकिंग के दौरान एसटीएफ व अंतू पुलिस ने संयुक्त अभियान में बरेली व रामपुर के रहने वाले नशे के तीन सौदागरों को 25 लाख की अफीम के साथ दबोच लिया। नशीला पदार्थ पहुंचाने के लिए प्रयोग होने वाले ट्रक को पुलिस ने कब्जे में ले लिया। तीनों आरोपियों को पुलिस ने जेल भेज दिया।
लखनऊ एसटीएफ की टीम व अंतू पुलिस ने बरेली व रामपुर से नशीला पदार्थ लाकर जिले में बेचने वाले बदमाशों को दबोचने के लिए रविवार की रात लोहिया नगर बैरियर के पास घेराबंदी की। इस बीच एक ट्रक को पुलिस ने रोक लिया। तलाशी के दौरान ट्रक से तीन लोगों को शंका होने पर पूछताछ के लिए नीचे उतारा गया। तीनों लोग पुलिस के सवालों का सही जवाब नहीं दे पा रहे थे। ट्रक के भीतर से 3 किलो 900 ग्राम अफीम बरामद हुई।
पूछताछ में उनके कुछ साथियों का नाम भी पता चला।
पूछताछ में हत्थे चढ़े गुड्डू उर्फ सैफी निवासी मकान नं. 41 सरदार थाना भंमोरा बरेली ने बताया कि बरामद ट्रक उसका है। माल ढुलाई के बहाने वह ट्रक से रांची, झारखंड से अवैध मादक पदार्थ अफीम आदि कम दामों में लाकर उत्तराखंड, पंजाब व हरियाणा आदि राज्यों में बेचता था। पुलिस ने गुड्डू उर्फ सैफी के साथ संजीव कुमार शर्मा निवासी बल्लिया फरीदापुर, थाना फतेहगंज ईस्ट, बरेली व वीरेंद्र निवासी रजवाड़ा थाना पटवई, जनपद रामपुर को मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया।