बेखौफ चोरों ने बुधवार की रात रिटायर्ड दरोगा का घर तबीयत से खंगाला। चोर लाखों रुपये के जेवरात व रुपये समेट ले गए। इसके पहले सेवानिवृत्त एआरटीओ कर्मी के घर हुई चोरी का खुलासा अब तक नहीं हो सका है।
कोतवाली देहात के भुपियामऊ चौकी क्षेत्र के कोहड़ा निवासी रिटायर्ड दरोगा कौशलेंद्र नाथ शर्मा के घर बुधवार की आधी रात चोर पीछे की दीवार के सहारे भीतर घुसे। चोर आलमारी और बॉक्स में रखे 15 हजार रुपये, सोने का हार, चूड़ी समेत करीब पांच लाख के जेवरात ले गए। बृहस्पतिवार की सुबह लोग सोकर उठे तो कमरा खुला देख घबराए। भीतर गए तो सारा सामान अस्त-व्यस्त पड़ा था।
सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस छानबीन कर लौट गई। पीड़ित ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। वहां जुटे ग्रामीणों के मुताबिक क्षेत्र में चोरी की घटनाएं बढ़ गई हैं। पुलिस चोरी की घटनाओं का खुलासा करने में नाकाम है।
कुछ दिनों पहले सेवानिवृत्त एआरटीओ कर्मी जय सिंह के मकान का ताला तोड़कर चोर दिनदहाड़े लाखों रुपये के जेवरात व रुपये लेकर भाग निकले थे। पुलिस अभी तक चोरों तक नहीं पहुंच सकी। लगातार चोरी की बढ़ती घटनाओं से लोगों में आक्रोश है।
मालवाहक का पहिया निकला, भाग निकले पशु तस्कर
भुपियामऊ के सराय बहेलिया पुल के पास लालगंज की तरफ से आ रहे एक मालवाहक का पहिया बुधवार की रात निकल गया। जिससे वाहन पलट गया। वाहन पर गाय व बछड़े लदे थे। आवाज सुनकर लोग दौड़े तो दो पशु तस्कर भाग निकले।
एक आरोपी लोगों के हाथ लग गया। लोगों ने पिटाई कर उसे पुलिस के हवाले कर दिया। भुपियामऊ चौकी प्रभारी राहुल ने चालक को हिरासत में लेने के बाद बरामद मवेशियों को कान्हा गोशाला भेज दिया।