लीलापुर थाना क्षेत्र के सरबाजपुर में रविवार की रात चोर एम्स रायबरेली के चिकित्सक के घर से लाखों रुपये के जेवरात और रुपये समेट ले गए। वहीं दो घरों में चोरी की कोशिश की लेकिन नाकाम रहे। शिकायत पर पहुंची पुलिस छानबीन कर लौट गई।
सरबाजपुर धनीपुर निवासी डॉ.रविशंकर दुबे रायबरेली एम्स में चिकित्सक हैं। पैतृक घर में पत्नी कलावती, पुत्र पंकज और बहू मिथलेश रहती हैं। रविवार की रात सभी कमरे में सो रहे थे। छत के रास्ते भीतर घुसे चोर सभी के कमरों को बाहर से बंद कर दिया। दूसरे कमरे का ताला तोड़कर चोर संदूक छत पर उठा ले गए। इसके अलावा कीमती सामान और बर्तन भी समेट ले गए थे। सोमवार सुबह लोग सोकर उठे तो दरवाजा बाहर से बंद देख आसपास के लोगों को बुलाया। दरवाजा खुलने पर चोरी देख वे हैरत में पड़ गए। तभी पता चला कि गांव के ही शंभू प्रसाद दुबे व अशोक पांडेय के मकान में चोरी करने के लिए चोरों ने कमरे की कुंडी काटने की कोशिश की लेकिन नाकामी हाथ लगी। आहट पाकर लोग जाग गए। जिसके चलते चोरों को भागना पड़ा। खास बात यह रही कि चिकित्सक के घर चार माह पहले भी चोरी हुई थी। मुकदमा दर्ज होने के बाद भी पुलिस खुलासा नहीं कर सकी। थानाध्यक्ष नरेंद्र सिंह ने बताया कि तहरीर मिली है। चोरों की तलाश में पुलिस टीम लगी है।