महाराष्ट्र से आए दो प्रवासी मजदूरों की जांच रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आने के बाद हड़कंप मचा हुआ है। कोरोना संक्रमित दोनों मरीजाें को जिला अस्पताल भेजने के बाद गांव को हॉटस्पाट घोषित कर ग्रामीणों की थर्मल स्क्रीनिंग शुरू कर दी गई है। दोनों गांवों में सभी रास्ते को सील कर दिया गया है।
सांगीपुर विकास खंड के उदयपुर व पूरे भगवत में महाराष्ट्र से आए दो प्रवासी मजदूरों की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई थी। प्रशासन ने आननफानन में दोनों कोरोना पीड़ितों को जिला अस्पताल भेज दिया। इसके बाद जिला प्रशासन ने इस इलाके को हॉटस्पाट घोषित कर ग्रामीणों के स्वास्थ्य की जांच शुरू कर दी है।
मंगलवार को दोपहर तक उदयपुर में 290 परिवारों के 1000 लोगों की थर्मल स्क्रीनिंग की। जबकि पूरे भगवत में 129 परिवारों के 710 लोगों की थर्मल स्क्रीनिंग की गई। परीक्षण के दौरान स्वास्थ्य विभाग बुखार व खांसी से पीड़ित संदिग्धों की सूची भी बना रहा है।
ऐसे लोगों की भी पहचान की जा रही है, जिनका सैंपल लिया जाएगा। इसके साथ ही गांव के सभी रास्तों को सील कर दिया गया है। पुलिस व स्वास्थ्य विभाग को छोड़कर किसी को भी हॉटस्पाट इलाके में आने की अनुमति नही हैं। इन जगहों को सैनिटाइज भी किया जा रहा है। सार्वजनिक स्थलों के साथ ही घर-घर सैनिटाइजर का छिड़काव मशीनों द्वारा किया जा रहा है।