कोरोना वायरस (प्रतीकात्मक तस्वीर)
- फोटो : Pixabay
आखिर जिसका डर था, वही हो रहा है। प्रधान पति के संपर्क में आने से सैदाबाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का बाबू तो कोरोना पॉजिटिव आया ही, अब उनका 11 वर्षीय बेटा भी पॉजिटिव हो गया है। इसके अलावा सैदाबाद के ही दुलापुर गांव के राका मौजा के भी पति, पत्नी और उनका तीन वर्ष का बेटा भी पॉजिटिव मिले हैं। ये तीनों राका गांव में तीन दिन पहले कोरोना के संक्रमण से जान गंवाने वाले युवक के संपर्क में थे।
ये भी मुंबई से लौटे हैं। पड़ोस के युवक की मौत के बाद उन्हें 16 मई से कालिंदीपुरम मेें क्वारंटीन कराया गया था। रिपोर्ट आने के बाद प्रधान के बेटे को एसआरएन में उसके पिता के पास और तीनों को पॉजिटिव मरीजों को कोटवा-बनी एल-1 हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया।
कोरोना के चार नए मामले सामने आने से जिले में मरीजों की संख्या बढ़कर 47 हो गई है। सीएमओ मेजर डॉ. जीएस बाजपेई के मुताबिक इसमें मंगलवार को कौशाम्बी के मरीज को प्रयागराज के पोर्टल पर ट्रांसफर किया गया है। अगर कौशाम्बी के मरीज को शामिल न किया जाए तो प्रयागराज में मरीजों की संख्या 46 है। इसमें कोटवां-बनी एल-1 हॉस्पिटल में 16 और स्वरूपरानी नेहरू चिकित्सालय में 10 भर्ती हैं। नए मरीजों के इलाके पहले से ही हॉटस्पॉट घोषित हैं। सैदाबाद और राका मौजा में स्वास्थ्य विभाग की ओर से स्क्रीनिंग, स्वास्थ्य परीक्षण और सैनिटाइजेशन कराया जा रहा है।