महानगरों की तर्ज पर रात में होगी चेकिंग
शहर व ग्रामीण अंचल सेक्टर व जोनल इलाके में होंगे वितरित
अमर उजाला ब्यूरो
प्रतापगढ़। जिले में अपराध नियंत्रण करने के लिए अब महानगरों की तर्ज पर रात में चेकिंग के साथ ही सेक्टर व जोनल इलाके बांटकर पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई जाएगी। रात में भी पुलिसकर्मी लोगों पर नजर रखेंगे। इसके लिए एएसपी पूर्वी को सेक्टर व जोनल क्षेत्रों का दायरा निर्धारित कर खाका तैयार करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
एसपी अभिषेक सिंह रात में आपराधिक वारदातों को अंजाम देने वाले बदमाशों को पकड़ने के लिए नई रणनीति तैयार की है। महानगरों की तर्ज पर जिले को भी सेक्टर और जोनल क्षेत्र में बांटकर पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई जाएगी। जिसका निगरानी सर्किल के सीओ करेंगे। रात में पुलिसकर्मी चौराहों के साथ ही संवेदनशील स्थानों व प्रमुख बाजारों में मुस्तैद रहेंगे। एसपी अभिषेक सिंह ने इसके लिए अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी सुरेंद्र प्रसाद को खाका तैयार करने का निर्देश दिया है। एसपी ने कहा कि यदि रात में कोतवाली व थानों के औचक निरीक्षण से दरोगा समेत पुलिसकर्मी गायब मिले तो उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।
इनसेट------
अवैध कमाई करने वालों की कुर्क होगी संपत्ति, लगेगा गैंगस्टर
पुलिस अधीक्षक अभिषेक सिंह ने मीडिया से कहा कि जिले में बाहर से मंगाकर शराब की ब्रिकी सरकारी ठेकों पर होती है। शराब व जमीनों पर जबरन कब्जा कर अवैध संपत्ति बनाने वालों को मुकदमा दर्ज कर जेल भेजने के साथ ही उन पर गैंगस्टर भी लगेगा। उनकी कमाई के बारे में छानबीन के बाद संपत्ति कुर्क होगी। थाना स्तर से जमीन के विवाद का निस्तारण करने के लिए पुलिस व राजस्व विभाग की टीम मौके पर जाएगी। निस्तारण के बाद जो हालत है उसकी जीडी में इंट्री कराई जाएगी। यदि इसके बाद भी कोई पक्ष पुलिस व राजस्व विभाग के सामने हुए निस्तारण को न मानते हुए मनमानी करता है तो उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया जाएगा। उसके खिलाफ आरोप पत्र भी न्यायालय में दाखिल होगा। यदि किसी भी पुलिसकर्मी के खिलाफ भ्रष्टाचार के आरोप मिले तो उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जेल भेजा जाएगा।