स्थानीय बाजार में बुधवार की रात चोरों ने छह घरों को निशाना बनाया। कारोबारी समेत अन्य लोगों के घरों से चोर लाखों रुपये के जेवरात व रुपये चुराकर भाग निकले। चोरी की किसी को भनक तक नहीं लगी।
कंधई के रखहा बाजार निवासी कारोबारी वीरभद्र सिंह के घर बुधवार की रात चोर पीछे की दीवार फांदकर भीतर घुसे। चोर कमरे में रखे तीन बॉक्स उठा ले गए। बाजरे के खेत में बॉक्स तोड़कर करीब तीन लाख के जेवरात व बीस हजार रुपये समेट ले गए।
पड़ोस में ही चोर बद्री प्रसाद सिंह के घर से चोर तीन हजार रुपये और लाखों रुपये के जेवरात चुराकर भाग निकले। वहां से चोर शुभम के मकान में दाखिल हुए। कमरे का ताला तोड़कर चोर पांच हजार रुपये व कीमती जेवरात ले उड़े। रखहा बाजार के रहने ही वाले मोहम्मद सलीम की बहन सद्दन का फर्राटा पंखा भी चोर ले गए। सद्दाम के घर से दो व शरीफ के घर से एक मोबाइल भी चोर उठा ले गए।
चोर वारदात पर वारदात को अंजाम देते रहे, लेकिन किसी भी गृहस्वामी या परिजनों को आहट तक नहीं लगी। बृहस्पतिवार की सुबह चोरी की जानकारी होने पर लोग परेशान हो गए। सूचना के बाद भी कंधई पुलिस विलंब से पहुंची। पुलिस खानापूर्ति करने के बाद लौट गई। कंधई थानाध्यक्ष प्रदीप कुमार ने बताया कि चोरी की तहरीर मिली है। चोरों की तलाश की जा रही है।
-
टप्पेबाजों ने उड़ाए रुपये
प्रतापगढ़। सदर तहसील के सामने टप्पेबाजों ने अमेठी जनपद के मोहनगंज निवासी दुर्गेश तिवारी को अपना शिकार बना लिया। बुधवार की शाम तहसील के सामने उनका वाहन रोक टप्पेबाजों ने तेल गिरने की जानकारी दी। वह गाड़ी रोककर नीचे उतरे। इस बीच टप्पेबाज 26 हजार रुपये से भरा बैग लेकर भाग निकले। पीड़ित ने पुलिस को तहरीर दी है। संवाद
सामुदायिक शौचालय अपूर्ण होने पर सचिव व पूर्व प्रधान पर मुकदमा
कोहड़ौर। मंगरौरा विकासखंड के ग्राम पंचायत भैदपुर में वर्ष सामुदायिक शौचालय निर्माण के लिए वित्तीय वर्ष 2021-22 में 5.94 लाख रुपये की धनराशि प्रधान विमला देवी व तत्कालीन सचिव जावेद अहमद ने न आहरित की थी। सामुदायिक शौचालय मौजूदा समय में अपूर्ण है। 2.36 लाख रुपये का दुरुपयोग मिला है। मंगरौरा के सहायक विकास अधिकारी अनिल कुमार की तहरीर पर पुलिस ने प्रधान विमला देवी तत्कालीन सचिव जावेद अहमद के खिलाफ अमानत में खयानत का मुकदमा दर्ज किया है। संवाद