टाइनी शाखा से रुपये निकालकर घर जा रहे कालेज प्रबंधक को अगवा कर लूटपाट में प्रयुक्त सफारी नाटकीय तरीके से कोतवाली पहुंच गई। सफारी के साथ मिले शातिर बदमाश से पुलिस पूछताछ करते हुए प्रबंधक से दूसरे लोगों की रंजिश खंगाल रही है। टूटे शीशे वाली सफारी कोतवाली खड़ी होने के बाद भी पट्टी कोतवाल इनकार कर रहे हैं।
कंधई थाना क्षेत्र के कहैंनिया निवासी श्याम कुमार पटेल मंगलवार को टाइनी शाखा से रुपये निकालकर घर जा रहे थे। रास्ते में सफारी सवार लोगों ने उसे अगवा कर दो हजार रुपये लूट लिए थे। पुलिस के पीछा करने पर सफारी सवार श्याम कुमार पटेल को मारपीट कर उड़ैयाडीह के आगे गिराकर भाग निकले। बनी में पुलिसकर्मियों को सफारी सवार ने कुचलने का प्रयास किया। रोकने के लिए सिपाहियों ने सफारी पर डंडा भी चलाया था। जिससे सफारी का शीशा क्षतिग्रस्त हो गया था। तहरीर मिलने के बाद पुलिस एक युवक को पकड़कर लाई थी।
जिसे रात में ही छोड़ दिया गया। पुलिस सूत्रों के अनुसार घटना में प्रयुक्त सफारी पुलिस ने कंधई थाना क्षेत्र से रात में बरामद कर ली। सफारी में एक शातिर अपराधी भी बैठा था। उसे भी पुलिस अपने साथ लाकर पूछताछ शुरू कर दी। हालांकि पट्टी कोतवाल का कहना है कि घटना में प्रयुक्त सफारी नहीं मिली है और न ही किसी अपराधी को पकड़ा गया है। परिसर में खड़ी सफारी की बाबत बोले कि लाकडाउन के दौरान बहुत से वाहनों को कोतवाली लाया जा रहा है। अब सबकुछ तो नहीं बताया जा सकता। प्रबंधक से हुई लूट के मामले में जांच चल रही है, जो सच्चाई होगी जांच में सामने आएगी।
कालेज में भारी भीड़ एकत्र करने के मामले में पुलिस ने मंगरौरा प्रमुखपति समेत 14 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। कंधई थाना क्षेत्र के कहैंनियां निवासी विद्यालय के प्रबंधक श्याम कुमार पटेल से लूट की सूचना मिलने पर मंगरौरा के प्रमुखपति कुलदीप पटेल समर्थकों के साथ कहैंनिया पहुंचे। इस बीच पुलिस को सूचना मिली कि कालेज में बहुत भीड़ जुटी है। कंधई थाने के दरोगा शैलेंद्र कुमार तिवारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचकर छानबीन की। बाद में कुलदीप समेत 14 लोगों के खिलाफ धारा 144 का उल्लंघन करने के साथ ही 188 आईपीसी का मुकदमा दर्ज कराया।