प्रतापगढ़। घटते भूजल स्तर को देखते हुए 11 अतिदोहित व एक क्रिटिकल ब्लाक में सरकार ने बिजली कनेक्शन पर रोक लगा दी है। अब इन ब्लाकों में ट्यूबवेल के लिए विभाग बिजली का कनेक्शन नहीं देगा। नए बोर तो अब होंगे ही नहीं जो पुराने हैं उनमें भी कनेक्शन मिल पाना संभव नहीं है। चोरी छिपे कनेक्शन जोड़ कर ट्यूबवेल चलाने वालों के खिलाफ न सिर्फ बिजली चोरी अन्य कई मामलों में रिपोर्ट दर्ज होगी।
जिले का बेलखरनाथधाम, गौरा, लक्ष्मणपुर, लालगंज, मानधाता, मंगरौरा, पट्टी, सदर, रामपुर संग्रामगढ़, संडवाचंद्रिका शिवगढ़ ब्लाक की स्थिति खराब हो चुकी है। इन ब्लाकों में पानी का दोहन इस कदर हुआ कि जलस्तर घट गया। सरकार ने इन ब्लाकों को अतिदोहित क्षेत्र घोषित कर दिया है। एक ब्लाक आसपुरेदवसरा क्रिटिकल के दायरे में है। यही हाल रहा तो आने वाले दिनों में यहां पीने के पानी की जबरदस्त किल्लत हो जाएगी।
हालात को देखते हुए सरकार ने अतिदोहित व क्रिटिकल घोषित ब्लाकों में बोरिंग पर पहले ही रोक लगा रखी है। अब इन ब्लाकों में ट्यूबवेल बिजली कनेक्शन पर भी शासन से रोक लग गई है। नए ट्यूबवेल व विद्युत कनेक्शन होने से रहे। जो ट्यूबवेल पुराने हैं उनको भी बिजली का कनेक्शन अब मिल पाना मुमकिन नहीं होगा। यह परिस्थितियां इशारा कर रही हैं कि जो किसान ट्यूबवेल का बोर करा रखे हैं और उन्हें बिजली कनेक्शन नहीं मिला उनका सारा खर्च व्यर्थ साबित हो जाएगा। शासन का निर्देश है कि पुराने बोर को यदि चोरी की बिजली से चलाया जाता है तो संचालक के खिलाफ बिजली चोरी, शासन के आदेश की अवहेलना, प्रकृति प्रदत्त संसाधनों के दोहन का मामला दर्ज होगा। इसमें बिजली चोरी का मुकदमा बिजली विभाग कराएगा। बाकी मामलों की तहरीर तहसील प्रशासन देगा।
बेलखरनाथधाम विकास खंड के रखहा बाजार व आस-पास क्षेत्र के कई गांव चार दिन से अंधेरे में हैं। वहां बिजली की आपूर्ति ठप होने के कारण लोग काफी परेशान हैं। स्थिति यह हो गई है कि लोगों को मोबाइल की बैट्री चार्ज करने के लिए पास के दूसरे बाजारों व पट्टी तक जाना पड़ रहा है। क्षेत्र के राकेश तिवारी, मोहित सिंह, रोहित शर्मा, दीपक चौरसिया आदि कहते हैं कि मामले की शिकायत अधिकारियों से की गई है। मगर वे आपूर्ति चालू कराना तो दूर ठप होने का कारण तक नहीं बता पा रहे।
ओपी मिश्र, एक्सईएन विद्युत ने बताया कि अतिदोहित और क्रिटिकल वाले ब्लाकों में ट्यूबवेल के लिए बिजली कनेक्शन न देने का निर्देश शासन से प्राप्त हुआ है। रखहा क्षेत्र में चार दिन से बिजली नहीं आ रही इस बात की जानकारी नहीं है। आप बता रहे हैं तो मामले को देखवा लिया जाता है।