प्रतापगढ़। तीन दिन से पड़ रहे कोहरे ने ट्रेनों को समय की पटरी से उतार कर रख दिया है। रविवार को पंजाब मेल चार घंटे लेट पहुंची। इससे यात्रियों को खासी परेशानी का सामना करना पड़ा।
जनपद में तीन दिन पड़े कोहरे ने जनजीवन प्रभावित कर दिया था। इसका सबसे अधिक असर ट्रेनों और वाहनों के संचालन पर पड़ा। कोहरा व ठंड के चलते ट्रेनें समय की पटरी से नीचे उतर चुकी हैं। भले ही रविवार को मौसम साफ रहा लेकिन 3005 पंजाब मेल ट्रेन अपने निर्धारित समय से चार घंटे विलंब से स्टेशन पहुंची।
इसके अलावा बीएल पैसेंजर, टूएफपी, पद्मावत एक्सप्रेस, काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस समेत अन्य एक्सप्रेस और पैसेंजर ट्रेनें करीब दो घंटे से लेकर आधे घंटे तक विलंब से जंक्शन पर पहुंचीं। ट्रेनों के पहुंचते ही उसमें सवार होने के लिए यात्रियों के बीच धक्कामुक्की होने लगती। फैजाबाद जाने वाली साकेत एक्सप्रेस भी सुबह दो घंटे विलंब से पहुंची। स्टेशन अधीक्षक केएन शर्मा ने बताया कि रविवार को पंजाब मेल सबसे अधिक विलंब से पहुंची जबकि अन्य ट्रेनों के समय में सुधार हुआ है।
दो दिनों तक कोहरे ने लोगों को घरों में कैद कर रखा था। शनिवार आधी रात तक भले ही कोहरे ने लोगों को ठंड से बेहाल कर रखा था लेकिन रविवार की सुबह कोहरा पूरी तरह से गायब दिखा। सूर्यदेव भी अपना तेवर बदले-बदले से नजर आए। मौसम में बदलाव देख लोग अपने कामकाज निपटाने में जुट गए। सूर्यास्त के बाद अचानक फिर गलन बढ़ने लगी। रविवार को न्यूनतम पारा नौ डिग्री से दो डिग्री सेल्सियस कम हो गया जबकि अधिकतम पारे का ग्राफ 26.4 तक पहुंच गया।
नगर पालिका प्रशासन ने कोहरे और शीतलहर को देखते हुए शहर में तमाम स्थानों पर अलाव जलाने की सूचना दी थी। नपा प्रशासन के दावे के मुताबिक जिला अस्पताल के अलावा दूसरे स्थानों पर कहीं भी अलाव जलता नही दिखा। इससे शनिवार की रात और रविवार की सुबह लोग ठंड अपने संसाधनों से अलाव जलाकर ठंड दूर करने की कोशिश करते दिखे।