गत शनिवार को अमृतसर जाने वाली पंजाब मेल ट्रेन से टकराने वाली अज्ञात बाइक मालिक के खिलाफ रेलवे सुरक्षा बल ने साजिश का मुकदमा दर्ज किया है।
हादसे की जांच करने रविवार को घटनास्थल पर पहुंचे रेलवे सुरक्षा बल ने आस-पास के लोगों से इस बारे में पूछताछ की। पूछताछ में बाइक का नंबर तो पता चला गया मगर बाइक मालिक का नाम पुलिस को नहीं मालूम हुआ। पुलिस ने लोगों का बयान लेकर बाइक (यूपी 72 एसी 3617) के मालिक के खिलाफ रेलवे एक्ट की धारा 153 के अंतर्गत मुकदमा दर्ज कर लिया है। अमेठी आरपीएफ के उपनिरीक्षक अशोक यादव ने बताया कि मालिक का पता नहीं चल सका है।
मगर नंबर के आधार पर मालिक के खिलाफ ट्रेन हादसे की साजिश रचने का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। शीघ्र ही मालिक की भी गिरफ्तारी कर ली जाएगी। बता दें कि एसएम जगेसरगंज से घटना की सूचना आरपीएफ को देरी से मिली थी। इसके चलते लोग क्षतिग्रस्त बाइक उठा ले गए थे। इससे आरपीएफ को मौके पर कुछ नहीं मिला।