हथिगवां थाना क्षेत्र में गैराज की रखवाली करने गए चौकीदार की सिर कटी लाश मिलने से हड़कंप मच गया। खबर फैलने पर भीड़ जुट गई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास के लोगों से पूछताछ और छानबीन करने के बाद शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। आशंका जताई जा रही है कि किसी जंगली जानवर ने रात में सोते समय उस पर हमला किया और सिर काटकर ले गया।
हथिगवां के मोहद्दीनगर निवासी नीरज जायसवाल का चौराहे के पास ही बाग में गैराज है। गैराज में प्रयागराज जनपद के लाल का पुरवा लालगोपालगंज निवासी नन्हें (70) चौकीदार था। वह रात में बाग में बने गैराज में ही सो जाता था। रविवार सुबह देर तक वह नहीं उठा तो आसपास के लोगों ने उसे आवाज दी।
कोई जवाब नहीं मिलने पर लोग उसके बिस्तर के पास गए तो वहां उसकी बिना सिर की लाश पड़ी थी। इसकी जानकारी होने पर मौके पर भीड़ जुट गई। खबर पाकर पुलिस भी आ गई। पुलिस ने छानबीन करने के बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। ग्रामीणों के साथ पुलिस भी आशंका जताती रही कि रात में किसी जंगली जानवर ने सोते समय उस पर हमला किया होगा।