फतनपुर के सुरवामिश्रपुर में युवती की गोली मारकर हुई हत्या के बाद बवाल की आशंका को देखते हुए पुलिस ने शनिवार की रात में ही परिजनों को राजी कर सई नदी के किनारे उसका अंतिम संस्कार करा दिया। युवती की हत्या की खोजबीन में जुटी पुलिस को कुछ अहम सुराग मिले हैं।
सुरवामिश्रपुर निवासी अमर बहादुर पटेल की बेटी सुनीता पटेल शुक्रवार की रात घर से शौच के लिए निकली थी। रात में वह घर नहीं लौटी। शनिवार की सुबह घर से तीन सौ मीटर दूर सुनीता का शव गन्ने के खेत के मेड़ पर मिला था।
जिसके बाद इलाके में सनसनी फैल गई। एक्सरे के बाद पुलिस को यह जानकारी हो सकी कि सुनीता की गोली मारकर हत्या की गई है। रात में शव का पोस्टमार्टम हुआ। पुलिस को आशंका थी कि यदि परिजन शव लेकर घर गए तो बवाल हो सकता है।
जिसके बाद पुलिस ने परिजनों को सई नदी के तट पर ही शव का अंतिम संस्कार करने के लिए राजी कर लिया। पुलिस की मौजूदगी में देर रात शव का सई नदी तट पर अंतिम संस्कार कराया गया। पुलिस युवती की हत्या की तह तक जाने के लिए प्रयास कर रही है। पुलिस सूत्रों के अनुसार सभी संदिग्ध नंबरों की काल डिटेल निकाली जा रही है। सीओ रानीगंज डा. अतुल अंजान त्रिपाठी ने बताया कि युवती की हत्या करने वाला काफी शातिर था। फिलहाल कुछ सुराग मिले हैं। उम्मीद है कि घटना का जल्द ही खुलासा होगा।
प्रेम प्रसंग की ओर घूमी पुलिस की शक की सुई
फतनपुर के सुरवामिश्रपुर में सुनीता की गोली मारकर की गई हत्या की गुत्थी सुलझाने के लिए पुलिस लगातार प्रयास कर रही है। सूत्रों के अनुसार युवती की हत्या की छानबीन करने में जुटी पुलिस अब घटना को आशनाई से जोड़कर देख रही है। पुलिस को कुछ सुराग भी मिले हैं। जबकि परिवार के लोगों का कहना है कि उसके पास मोबाइल तक नहीं था। वह बाहर भी नहीं जाती थी।