पट्टी के आसपुर देवसरा में भवन निर्माण सामग्री आपूर्ति फर्म द्वारा दिया गया चेक।
- फोटो : PRATAPGARH
आसपुर देवसरा थाना क्षेत्र के अमरगढ़ बाजार में स्थित भवन निर्माण सामाग्री की आपूर्ति करने वाली एक फर्म ने दर्जनों लोगों को लाखों का चूना लगाया है। फर्म के निदेशक द्वारा लोगों को भुगतान के लिए दिए गए लाखों के चेक बाउंस हो गए। फर्म के खाते पर बैंक ने रोक लगा रखी है।
फर्म संचालक की तरफ से देवेंद्र प्रताप सिंह निवासी तेलियानी को तीन लाख, दयाराम यादव तेलियानी को ढाई लाख एवं रुद्रेश सिंह निवासी लबेदा को नब्बे हजार का चेक दिया गया था। इन लोगों का कहना है कि यह फर्म सरकारी कार्यों के लिए सामाग्री उपलब्ध कराती थी। फर्म की कोटेशन पर कार्यदायी संस्थाओं द्वारा भुगतान कर दिया गया, लेकिन फर्म द्वारा सामाग्री की आपूर्ति नहीं की गई।
मामला लंबा खींचने पर जब लोगों ने दबाव बनाया तो संचालक द्वारा लोगों को फर्म के खाते के चेक भुगतान के लिए दिए गए। भुगतान के लिए जब लोग बड़ौदा ग्रामीण बैंक अमरगढ़ शाखा पहुंचे तो बताया गया कि फर्म संचालक द्वारा भुगतान पर रोक के लिए बैंक से अनुरोध पूर्व में किया जा चुका है। ऐसे में बैंक से भुगतान नहीं किया जा सकता। ऐसे में जालसाजी व ठगी के शिकार हुए लोगों ने फर्म संचालक के विरुद्ध आसपुर देवसरा पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की गुहार लगाई है।