देल्हूपुर के संसारपुर के पूरे देवीदास में बृहस्पतिवार की सुबह जंगल में चुनरी में लिपटा सुतली बम फटने से जगतपाल सिंह के बाएं हाथ की अंगुलियां उड़ गईं। बम के धमाके में हाथ व पैर में भी चोटें आईं।
धमाके की आवाज सुनकर चरवाहे मौके पर पहुंचे। पुलिस व परिवार के लोगों को जानकारी देने के बाद उसे उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया। एएसपी पूर्वी की मौजूदगी में फॉरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाया है।
पूरे देवीदास निवासी जगतपाल सिंह (52) सुबह घर से करीब एक किमी दूर जंगल व शनिदेव मंदिर की ओर घूमने निकले थे। ग्रामीणों के अनुसार वह मानसिक रूप से विक्षिप्त हैं। बृहस्पतिवार की सुबह करीब नौ बजे सूने स्थान पर महुए के पेड़ के नीचे उन्हें चुनरी की पोटली में नारियल जैसा कुछ दिखा।
पोटली को महुए की जड़ पर रखकर ईंट के तोड़ने के प्रयास में तेज विस्फोट हुआ और उसके बाएं हाथ की अंगुलियां उड़ गईं। पैर, हाथ में चोट आई और शरीर के आगे का हिस्सा झुलस गया। धमाके की आवाज सुनकर मवेशी चरा रहे चरवाहे दौड़कर मौके पर पहुंचे। उसकी हालत देख लोगों ने पुलिस व परिवार वालों को मामले की खबर दी।
आननफानन घायल को शिवम सिंह ने मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया। बम धमाके की सूचना पर थानाध्यक्ष राधे बाबू, सीओ विनय प्रभाकर साहनी घटनास्थल पर पहुंचे। कुछ देर बाद एएसपी पूर्वी दुर्गेश सिंह ने पहुंच गए। फॉरेंसिक टीम ने जड़ से बारूद, ईंट का टुकड़ा व चुनरी कब्जे में ले लिया है।
एएसपी दुर्गेश सिंह ने बताया कि किसी ने चुनरी में प्रथम दृष्टया यही लग रहा है कि सुतली पटाखे पर ईंट का टुकड़ा पटकने पर विस्फोट हुआ। साक्ष्य संकलित कर छानबीन की जा रही है। घायल की हालत खतरे से बाहर है।