बेखौफ कार सवार बदमाशों ने जूता विक्रेता को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। दबंगई करने वाले कार सवार युवक असलहा लहराते हुए भाग निकले। जानकारी के बाद पहुंची लाल रंग की कार को पकड़ने के लिए पूरे शहर में नाकेबंदी कर खोजबीन शुरू हो गई। कंपनी गार्डेन के करीब पुलिस का कुछ लोगों से चेकिंग को लेकर विवाद हो गया।
पुलिस लाइन के सामने बरकत ने जूता चप्पल की दुकान खोल रखी है। गुरुवार की रात करीब पौने नौ बजे लाल रंग की कार से असलहों से लैस चार लोग पहुंचे। दुकान के भीतर उनसे किसी बात को लेकर कहासुनी होने लगी। विवाद बढ़ने पर कार सवार हमलावरों ने उसे दुकान से घसीटकर बाहर जमकर पीटा।
करीब पांच मिनट तक मारपीट करने के बाद असलहा लहराते हुए आरोपी कार से भाग निकले। घटना की जानकारी के बाद पुलिस अधीक्षक अभिषेक सिंह ने लाल रंग की कार को हर हाल में पकड़ने का निर्देश दिया। शहर के सभी चौकी प्रभारी व नगर कोतवाल कार पकड़ने के लिए सीमा की नाकेबंदी कर तलाश करने लगे।
इस बीच कंपनी गार्डेन के करीब पुलिस वाहनों की चेकिंग करने लगी। तभी एक लाल रंग की कार आती दिखी। जिसे पुलिस ने रोक लिया। पूछताछ के दौरान कार सवार से तकरार होने लगी।
सूचना पर सीओ सिटी अभय पांडेय मौके पर पहुंचे और जानकारी करने के बाद कार की तलाशी लेकर छोड़ दिया। वहां काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल व्याप्त रहा।