जनपद ने शिकायत निस्तारण प्रणाली में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रदेश में पहला स्थान प्राप्त किया है। यह उपलब्धि जनवरी 2026 की आईजीआरएस (इंटीग्रेटेड ग्रीवांस रिड्रेसल सिस्टम) और मुख्यमंत्री हेल्पलाइन से संबंधित मूल्यांकन रिपोर्ट में दर्ज की गई है।
पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर की निगरानी में जिले को कुल 135 में से 135 अंक (100 प्रतिशत) हासिल हुए। रिपोर्ट के अनुसार, प्राप्त शिकायतों की मार्किंग और अग्रसारण का औसत समय मात्र 0.01 दिन रहा। समीक्षा अवधि में कोई भी डिफाल्टर संदर्भ लंबित नहीं पाया गया, जो शिकायतों के त्वरित समाधान को दर्शाता है।
शिकायत निस्तारण के बाद आवेदकों से मिले फीडबैक में 97.72 प्रतिशत संतोषजनक प्रतिक्रियाएं दर्ज की गईं। इसके अतिरिक्त, मुख्यमंत्री कार्यालय और उच्चाधिकारियों की ओर से जिले के खिलाफ सी-श्रेणी का कोई संदर्भ प्राप्त नहीं हुआ, जिसे महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।
जिले ने उच्चाधिकारियों की निगरानी, अधीनस्थ कार्यालयों के रैंडम श्रेणीकरण, संदर्भ अनुमोदन, फीडिंग और आवेदकों से प्रत्यक्ष संपर्क जैसी प्रक्रियाओं में भी निर्धारित लक्ष्यों से बेहतर प्रदर्शन किया। 98 प्रतिशत से अधिक मामलों में आवेदकों से सीधे संपर्क कर उनकी समस्याओं का समाधान हुआ।