नगर कोतवाली के महुली नहर के समीप गोली लगने से घायल का अस्पताल में इलाज करते चिकित्सक।
- फोटो : PRATAPGARH
चिलबिला से सटे महुली में मंगलवार रात बाइक सवार बदमाश अंधाधुंध फायरिंग करने लगे। इस दौरान एक छात्र के पैर में गोली लग गई। बदमाशों ने एक युवक को भी मारने के लिए दौड़ा लिया। उसने दुकान में घुसकर जान बचाई। सूचना पर एएसपी पूर्वी भारी फोर्स के साथ पहुंचकर छानबीन करने लगे। घटनास्थल से कारतूस बरामद हुआ। पुलिस बदमाशों की तलाश में दबिश देने का दावा कर रही है।
नगर कोतवाली के महुली डंडवा निवासी शिव कुमार यादव का आरोप है कि दसियापुर के रहने वाला परवेज और सरायगनई निवासी जावेद कई दिनों से उससे पांच हजार रुपये की मांग कर रहे थे। न देने पर अंजाम भुगतने की धमकी दे रहे थे। मंगलवार को वह बाइक से चिलबिला बाजार आया था। तभी बाइक सवार परवेज अपने दो साथियों के साथ उसके पीछे लग गया।
अनहोनी की आशंका को देखते हुए उसने भागकर सपा नेत्री महिमा गुप्ता के आवास के करीब दुकान में घुसकर शटर बंद कर लिया। लोगों की मानें तो बाइक सवार हाथ में पिस्टल लहरा रहे थे। कुछ देर तक तीनों रुके भी थे। यह देेख आसपास के लोग एकत्र होने लगे। जिसके बाद बाइक सवार युवक चौराहे की ओर भागे। मौका पाकर शिवकुमार भी भाग निकला।
थोड़ी देर बाद महुली नहर के पास दीपक कुमार उर्फ गुड्डू की दुकान के पास से ताला की ओर भाग रहे बाइक सवार तीनों बदमाश अंधाधुंध फायरिंग करने लगे। इस दौरान नहर के करीब खड़े चिलबिला निवासी सत्य कुमार वर्मा (19) पुत्र जीतलाल के पैर में गोली लग गई। फायरिंग की आवाज सुनकर लोग दौड़े। तब तक बदमाश भाग चुके थे। घायल सत्य कुमार वर्मा को पुलिस ने जिला अस्पताल भेजा।
वह हरीश डिग्री कालेज में बीए प्रथम वर्ष का छात्र है। घटना की जानकारी मिलने पर चिलबिला चौकी की पुलिस के साथ ही शहर कोतवाल व एएसपी सुरेंद्र प्रसाद द्विवेदी भागकर पहुंचे। छानबीन करने के बाद आरोपियों की तलाश में दबिश देने लगे। पुलिस ने घटनास्थल पर मिली कारतूस को कब्जे में ले लिया।